मध्य प्रदेश

कांग्रेस नेत्री मोना सुस्तानी, बसपा नेत्री उषा चौधरी एवं पूर्व में निष्कासित प्रीतम लोधी भाजपा में शामिल

सीएम शिवराज सिंह एवं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष राजगढ़ से कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मोना सुस्तानी, बसपा की वरिष्ठ नेत्री एवं रैगांव से पूर्व विधायक उषा चौधरी एवं भाजपा से पूर्व में निष्कासित किए गए प्रीतम लोधी ने रविवार को सुबह भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने के बाद तीनों नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सौजन्य भेंटकर आशीर्वाद लिया।
प्रीतम लोधी का सात माह में खत्म हुआ वनवास
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा रूठों को मनाने में जुटी है। इसी कड़ी में पार्टी से पूर्व में निष्कासित किए गए प्रीतम लोधी को भाजपा ने एक बार फिर पार्टी में शामिल कर लिया है। ब्राह्मणों और कथावाचकों को लेकर विवादित बयान देने पर लोधी को अगस्त 2022 में भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित किया गया था, लेकिन विधानसभा चुनाव में लोधी वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए उनका वनवास सात माह में ही खत्म हो गया। उन्हें गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मंच पर लेकर पहुंचे थे। उमा भारती के समर्थक प्रीतम लोधी को पार्टी में वापस लाने के प्रयास कई दिनों से चल रहे थे। ग्वालियर के प्रवास के समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी उनकी भेंट हुई थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि तीन मार्च 2023 को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में वे भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। लोधी छह मार्च को मुख्यमंत्री के साथ राजधानी के स्मार्ट सिटी उद्यान में भी दिखाई दिए थे। उन्होंने साथ में पौधा रोपा था। प्रीतम लोधी उमा भारती के कट्टर समर्थक माने जाते हैं, इसके चलते उमा भारती भी उन्हें पार्टी में वापस शामिल कराने का प्रयास कर रहीं थीं। उमा ने पार्टी से भी कहा था कि अगर प्रीतम लोधी का निस्कासन समाप्त न किया गया तो यह पार्टी के लिए नुकसानदायक होगा। इसके अलावा उमा भारती ने प्रीतम लोधी के घर जाकर उन्हें भी विवादास्पद बयान न देने की हिदायत दी थी।
सीएम बोले : कमलनाथ ने बंद की योजनाएं, बना दिया घोटाला प्रदेश
मुख्यमंत्री चौहान ने बूथ सम्मेलन में कहा कि कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को घोटालों का प्रदेश बना दिया था, भ्रष्टाचार और दलालों का अड्डा बना दिया था। उस सरकार ने जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी थी। जल जीवन मिशन लागू नहीं होने दिया। कन्या विवाह योजना की राशि 51 हजार करने की बात कही, एक पैसा नहीं दिया। संबल योजना बंद कर दी, बच्चों से लेपटॉप छीन लिए। हमारे कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ किया। किसानों से कर्ज माफी का झूठा वादा करके उन पर ब्याज का बोझ चढ़ा दिया, अब उस बोझ को भी हमारी सरकार उतार रही है।
लगातार हो रहे विकास और गरीब कल्याण के काम : शिवराज
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछा दिया है। पहले 7.5 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, जिसे बढ़ाकर 45 लाख हेक्टेयर कर दिया है। हमने लाडली लक्ष्मी के बाद अब लाडली बहना योजना लांच की है, जो परिवारों की हालत बदल देगी। अपने स्कूल में जो बेटी पहले नंबर पर आएगी, हमारी सरकार उसे ई स्कूटी देगी। हमने नई युवा नीति लांच की है, जिसमें काम सीखने के लिए युवाओं को एक साल तक 8000 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान है। हमारी सरकार माफियाओं का सफाया कर रही है। दुराचारियों को फांसी दी जा रही है और 01 अप्रैल से सारे अहाते बंद कर दिये जाएंगे। बूथ अध्यक्ष अपने-अपने बूथ के योद्धा हैं। वो प्रदेश सरकार की योजनाओं को ठीक से समझ लें और लोगों को उनका लाभ दिलवाएं, क्योंकि ये सेवा का काम है।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के प्रभारी जयभान सिंह पवैया, पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने किया एवं आभार प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने माना।

नड्डा को सीएम व प्रदेश अध्यक्ष ने भेंट किया वाग्देवी का चित्र

भोपाल में प्रबुद्ध जनों के आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को धार भोजशाला की मां वाग्देवी की प्रतिमा का चित्र भेंट किया और उसके बारे में बताया। यह यंग थिंकर्स फोरम की बड़ी उपलब्धि है, इस प्रतिमा आकल्पन वाईटीएफ ने किया और अब वह बड़े आयोजनों में स्मृति चिन्ह बन गई है। नड्डा ने प्रतिमा के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया कि प्रतिमा ब्रिटिश म्यूजियम में है और मुख्यमंत्री ने यंग थिंकर्स फोरम के आयोजन में उसे लंदन से वापस लाने की घोषणा की थी ।

Back to top button