
भोपाल में कांग्रेस सरकार बनाएगी डॉ. अंबेडकर की सबसे बड़ी प्रतिमा: कमलनाथ
नाथ ने महू पहुंचकर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा को किया नमन
भोपाल। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 132 वीं जयंती पर शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने महू पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वे प्रार्थना सभा में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बाबा साहेब की सबसे ऊंची प्रतिमा भोपाल में स्थापित की जाएगी।
नाथ ने महूं में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बाबा साहेब मानवतावाद के सच्चे प्रतीक थे, उनकी प्रतिमा बनाने की योजना मेरे मन में बहुत पहले से थी। यह हमारा संकल्प है, इस काम में हम सबका सहयोग लेंगे। बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय के संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उनकी जयंती पर सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बनाए संविधान पर मन, वचन और कर्म से चलें। नाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रशासन का दुरुपयोग कर भाजपा नेता कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रहे हैं, इससे निपटने के लिए अब भाजपा को कानूनी रूप से जवाब देना होगा। जिसके लिए एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को सौंपी गई है। इस अवसर पूर्व मंत्री एवं विधायक सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, इंदौर संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी, इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार सहित महू, इंदौर और अन्य जिलों के स्थानीय नेता और कांग्रेसजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
















