मध्य प्रदेश

सागर में सीएम शिवराज ने खोला सौगातों का पिटारा, आगामी एक वर्ष में 4770 करोड़ से अधिक के विकास कार्य कराने की घोषणा की

सागर गौरव दिवस समारोह में सीएम बोले- अदभुत थे गौर बाबा, अपना सारा धन दान कर सागर को ज्ञान का सागर दिया

यह भी बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

  • गौरव दिवस सरकारी नहीं, जन-जन का आयोजन
  • अपने शहर के विकास और प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें
  • डॉ. हरिसिंह गौर की जीवनी को पाठयक्रम में शामिल किया जाएगा

समारोह की खास बातें

  • डॉ. हरिसिंह गौर की 153वीं जयंती को सागर गौरव दिवस के रूप में मनाया गया
  • सीएम ने सागर की अनेक विभूतियों को “सागर रत्न” से किया सम्मानित
  • मुख्यमंत्री ने 120.50 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
  • 36.26 करोड़ की लागत से निर्मित मकरोनिया-देवल रेलवे ओवर ब्रिज का भी लोकार्पण
  • पदमश्री रामसहाय पाण्डे, गायक उदित नारायण एवं अन्य कलाकारों ने दी प्रस्तुतियाँ
  • गौरव दिवस पर हुई मनमोहक आतिशबाजी

भोपाल/सागर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गौरव दिवस सरकारी नहीं, जन-जन का आयोजन है। किसी भी शहर, गाँव अथवा क्षेत्र का विकास केवल सरकार नहीं कर सकती, जब तक उसके साथ समाज का पूरा सहयोग न हो। अपने शहर, गाँव, क्षेत्र के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। साथ ही इस पावन दिवस पर 5 संकल्प लें – अपने जन्म-दिन पर एक पौधा जरूर लगाएंगे, आँगनवाड़ियों में सहयोग देंगे, बेटी के जन्म पर खुशियाँ मनाएंगे, पानी की प्रत्येक बूँद बचाएंगे और शहर को नशामुक्त बनाएंगे। वे शनिवार को सागर में सागर गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए। डॉ. हरिसिंह गौर की 153वीं जयंती को सागर गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सागर की अनेक विभूतियों को “सागर रत्न” से सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर मनमोहक आतिशबाजी की गई। पदमश्री रामसहाय पाण्डे, गायक उदित नारायण एवं अन्य कलाकारों ने कार्यक्रम में आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।

सर डॉ. हरिसिंह गौर ने ज्ञान का सागर (सागर विश्वविद्यालय)

बनाने के लिए अपना सारा धन खर्च कर दिया- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सागर के विकास में सर डॉ. हरिसिंह गौर के सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता। अद्भुत थे गौर बाबा, उन्होंने सागर को ज्ञान का सागर दिया। वे संविधान निर्माण सभा के सदस्य और प्रसिद्ध कानूनविद् थे। उन्होंने अपना सारा धन सागर विश्वविद्यालय बनाने के लिए खर्च कर दिया। इस विश्वविद्यालय में आचार्य रजनीश और सुदर्शन जी जैसी अनेक हस्तियाँ पढ़ी हैं। मेरा सागर से गहरा रिश्ता है। मुझे भी कुछ समय सागर विश्वविद्यालय में दर्शन शास्त्र की पढ़ाई करने का अवसर प्राप्त हुआ। डॉ. गौर के त्याग को विद्यार्थी समझ सकें इसके लिए पाठय-पुस्तकों में उनकी जीवनी को शामिल किया जाएगा।

सीएम बोले – मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही है सामाजिक क्रांति

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक क्रांति हो रही है। प्रदेश में इंजीनियिंरग एवं मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी में किए जाने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। मेधावी बेटे-बेटियों की उच्च शिक्षा की पढ़ाई की फीस सरकार भर रही है। प्रदेश में बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लाड़ली लक्ष्मी योजना-2 शुरू की गई है। मध्यप्रदेश पहला राज्य है जहाँ बेटियों के साथ गलत कार्य करने वालों को फाँसी की सजा दी जाती है। माफियाओं और अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार गरीबों को तत्काल वित्तीय सहायता देने के लिए माइक्रो फायनेंस योजना प्रारंभ करने जा रही है, जिसमें 5 हजार रुपए की तुरंत सहायता दी जाएगी। इस राशि को हितग्राही बिना ब्याज के अपनी सुविधानुसार वापस कर सकेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सागर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ाने के लिए राजघाट बांध की ऊँचाई दो मीटर बढ़ाई जाएगी। इस पर लगभग 200 करोड़ रुपए अतिरिक्त व्यय आएगा, जिसका प्रावधान अगले वित्त वर्ष में कर दिया जाएगा। तीर्थ-दर्शन योजना में अयोध्या के लिए ट्रेन भी चलाई जाएगी।

डॉ. हरिसिंह गौर ने सागर के विकास में अद्वितीय योगदान दिया – प्रहलाद पटेल

केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर गाँव, हर शहर का गौरव दिवस मनाने की जो परिकल्पना दी है, वह अत्यंत सराहनीय है। इससे क्षेत्रों का समग्र विकास तो होगा ही, साथ ही हर व्यक्ति क्षेत्र के प्राचीन गौरव को जान सकेगा। श्री पटेल ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर ने सागर के विकास में अद्वितीय योगदान दिया है। हम उनके बताए मार्ग पर चलें।

इन विभूतियों को किया ‘सागर रत्न’ से सम्मानित

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पदमश्री रामसहाय पाण्डे, पदमश्री डॉ. कपिल तिवारी, प्रसिद्ध सिने अभिनेता मुकेश तिवारी, सेवानिवृत्त आईआरएस अशोक मिश्रा, पूर्व यूजीसी चेयरमेन प्रो. डी.पी. सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस बी.आर. नायडू, प्रो. जी.एस. वाजपेई, प्रो. गौरीशंकर पाराशर, पत्रकार शिवकुमार विवेक, राजेश सिरोठिया, शरद द्विवेदी और अमित जैन, विष्णु आर्य, एडवोकेट चतुर्भुज सिंह राजपूत, कैलाश सिंघई और विरदी चंद जैन को सागर रत्न से सम्मानित किया।

समारोह में इन्होंने भी की शिरकत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह को सांसद राजबहादुर सिंह और विधायक शैलेन्द्र जैन ने भी संबोधित किया। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे। डॉ. हरिसिंह गौर के जीवन वृत्त पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

सीएम ने मकरोनिया आरओबी सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गौरव दिवस पर सागरवासियों को 36 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित मकरोनिया-देवल रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण कर बड़ी सौगात दी। इससे क्षेत्रीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही समय और अर्थ की बचत भी होगी। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर 120 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोर्कापण भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आगामी एक वर्ष में सागर में 4770 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी योजना में सागर का इंदौर एवं भोपाल नगरों की तरह ही महानगर के रूप में विकास किया जा रहा है। सागर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा चुकी है।

Back to top button