छत्तीसगढ़पेण्ड्रा-मरवाही

मरवाही के कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दो टूक, कहा- मरवाही उपचुनाव पर ध्यान दें, आने-जाने वालों से आप सबके सम्मान पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं …

मरवाही (अनुपम शुक्ला)। मरवाही विधानसभा उपचुनाव की रणनीति व जोगी कांग्रेस से कांग्रेस में आये ज्ञानेंद्र उपाध्याय  को लेकर जिले के प्रमुख कांग्रेसी नेताओं ने जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में कल शाम 6 बजे मुख्यमंत्री से लगभग डेढ़ घण्टे तक चर्चा की। हालांकि इस दौरान जिले के कांग्रेसी नेताओं ने मरवाही विधानसभा उपचुनाव के संबंध में ही चर्चा की पर बहुत से नेताओं ने ज्ञानेंद्र उपाध्याय के कांग्रेस प्रवेश के विषय मे भी अपनी बातें रखी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मरवाही में होने वाले उपचुनाव से लेकर अन्य विषयों पर भी सहज रूप से चर्चा की। अपनी चर्चा के दौरान उन्होंने मरवाही मरवाही क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं की तारीफ भी की।

ज्ञानेंद्र उपाध्याय के कांग्रेस प्रवेश को लेकर कल गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के लगभग 50 से अधिक कांग्रेसी नेता जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में रायपुर गए हुए थे। रायपुर पहुंचने के बाद इन नेताओं ने सर्वप्रथम राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री गिरीश देवांगन व चंद्रशेखर शुक्ला के पास अपनी बातें रखी। प्रदेश कांग्रेस के उक्त दोनों नेताओं ने जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की बाते विस्तार से सुनी।

इसके बाद सभी कांग्रेसी नेता प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री गिरीश देवांगन के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुँचे। यह मुलाकात लगभग 6 बजे शाम को हुई। यहाँ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मरवाही विधानसभा उपचुनाव के संबंध में ही चर्चा की। पर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे मरवाही क्षेत्र के प्रमुख कांग्रेसी नेताओं मनोज गुप्ता, गुलाब राज, मोहनलाल शुक्ला, नारायण शर्मा, रमेश साहू पेंड्रा, अशोक शर्मा, ओमबति पेन्द्रो, नरेंद्र राय, अमोल पाठक ने बारी-बारी से जोगी कांग्रेस से कांग्रेस में आये ज्ञानेंद्र के विषय में भी अपनी बातें रखी। इस डेढ़ घण्टे चली वार्तालाप में मुख्यमंत्री इस दौरान सभी का उत्तर देते हुए सहज नजर आए।

सबकी बातें सुनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क्षेत्र के सभी कांग्रेसियों को ये विश्वास दिलाया कि किसी भी अन्य पार्टी के नेता के कांग्रेस प्रवेश से किसी भी वरिष्ठ अथवा पुराने कांग्रेसी के मान सम्मान में कोई आंच नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष के दिनों में साथ देने वाले कांग्रेसियों को सर्वप्रथम प्राथमिकता दी जाएगी। कोई भी नेता जो कांग्रेस पार्टी में बाद में जॉइन किया है वह कांग्रेस के छोटे से छोटे कार्यकर्ता से पीछे रहेगा।

भूपेश बघेल ने कहा कि आप लोग मरवाही के कांग्रेसी है जो अजीत जोगी के विरुद्ध भी निर्भीक रूप से डटे रहे। आपका स्थान कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि सभी लोग अब अपनी नाराजगी छोड़कर मरवाही विधानसभा चुनाव की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि अब हम सब मिलकर मरवाही क्षेत्र का विकास करे।

राजीव भवन व उसके बाद मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोहन लाल शुक्ला, कांग्रेस नेता गुलाब सिंह राज, प्रमोद परस्ते, अशोक शर्मा, गौरेला जनपद अध्यक्ष ममता पैकरा, मरवाही जनपद अध्यक्ष, प्रताप सिंह, अजय राय, जीवन सिंह राठौर, नारायण शर्मा, हरीश राय, ओमबति पेन्द्रों, विवेक पोर्ते, अजीत श्याम, बदल सिंह, धनसिंह कवर, गजरूप सिंह,बेचू अहिरेश, दया वाकरे, विशाल उरेती, जेलेश सिंह, शहाना खान, ममता पैकरा,रमेश साहू जैसे जिले के अन्य प्रमुख कांग्रेसी नेतागण उपस्थित थे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता और कांग्रेस नेता गुलाब सिंह राज ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से 40 मिनट एकांत में चर्चा की। सम्भवतः मरवाही उपचुनाव को लेकर ही दोनों नेताओं की चर्चा मुख्यमंत्री से हुई है।

Back to top button