छत्तीसगढ़रायपुर

कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने तीन विपत्तिग्रस्त परिवारों को 12 लाख रूपए का चेक वितरण किया …

कवर्धा। प्रदेश के वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने आज सोमवार को कबीरधाम प्रवास के दौरान तीन विपत्तिग्रस्त परिवार को 12 लाख रूपए चेक वितरण किया। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने विपत्तिग्रस्त परिवार के हितग्राहियों को राशि का चेक वितरण करने के पश्चात कहा कि हितग्राहियों को लाभान्वित करने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। वित्त आयोग के सिफारिश के आधार पर मिलने वाली राशि है जिसे सीधे विपत्तिग्रस्त परिवार के हितग्राहियों को दिया जाता है। वन मंत्री ने विपत्तिग्रस्त परिवार के सदस्यों से कहा कि वह इस चेक को बैंक में जमा कर राशि प्राप्त कर सकते हैं। चेक वितरण करते समय मंत्री अकबर ने परिजनों से भेंट भी की और अपनी संवेदना प्रकट की। 

मंत्री अकबर द्वारा आबीसी-6-4 के तहत तहसील कवर्धा के ग्राम मंजगांव निवासी अनिल की नदी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त साधेलाल सतनामी को, ग्राम सोहागपुर निवासी मोहनी की सर्प काटने से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त नारद को और ग्राम मिरमिट्टी निवासी मनीष नाथ योगी की सर्प काटने से मृत्यु हो जाने पर विपत्तिग्रस्त मनोज नाथ को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आबीसी-6-4) के तहत चार-चार लाख रूपए का चेक प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि मंत्री अकबर द्वारा विपत्तिग्रस्त परिवारों को उनके घर में जाकर चेक प्रदान किया जा रहा है। जिससे हितग्राहियों को राशि सीधे उनके पास पहुंच सके। हितग्राहियों को इस कठिन समय में राशि प्राप्त होने से आर्थिक रूप से सहयोग मिल रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, कलीम खान, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू,, उपाध्यक्ष चोवाराम साहू, सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Back to top button