देश

ब्राह्मण चलाते हैं बड़े-बड़े कसाईखाने…. नेता जलेश्वर महतो के बयान पर बवाल …

धनबाद । ब्राह्मणों पर झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो की ओर से कथित रूप से दिए गए बयान से सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। कई ब्राह्मण नेताओं ने जलेश्वर महतो के बयान की निंदा की। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के माटीगढ़ा में दो दिन पूर्व गोवर्धन पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो के भाषण का कुछ अंश एक वीडियो के रूप में वायरल हुआ है।

वायरल वीडियो में जलेश्वर कह रहे हैं कि जितने बड़े-बड़े कसाईखाना हैं, वह ब्राह्मण संचालित कर रहे हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। मंच पर कुछ ब्राह्मण भी बैठे हैं। वीडियो में जलेश्वर एक ब्राह्मण की ओर इशारा करते हुए बोलते हैं कि माफ कीजिएगा बाबा। इसमें आप नहीं हैं। उच्च कोटि के लोग यह सब कर रहे हैं। जलेश्वर के इस बयान की ब्राह्मण कल्याण मंच ने तीखी निंदा की है।

समाज की ओर से घोषणा की गई कि शनिवार को बैठक कर रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन तथा पुतला दहन किया जाएगा। बड़ा पांडेयडीह में कल्याण मंच की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा गया कि जलेश्वर महतो ने ब्राह्मण जाति का अपमान किया है। मंच के अध्यक्ष अरविंद दुबे ने कहा की जलेश्वर द्वारा ब्राह्मण को देश के बड़े-बड़े कसाईखानों का संचालक कहा जाना आपत्तिजनक है। जलेश्वर ब्राह्मण समाज से माफी मांगें नहीं तो बाघमारा प्रखंड के हर चौक चौराहे पर उनका पुतला फूंका जाएगा।

Back to top button