रायपुर

महापौर पद के लिए अब तक नहीं खुल पाया भाजपा का खाता

चिरमिरी में कंचन जायसवाल , रायगढ़ में जानकी काटजू , दुर्ग में धीरज बाकलीवाल और धमतरी मे विजय देवांगन चुने गए

रायपुर (दीपक दुबे)। छत्तीसगढ़ में दस नगर निगमों में से आठ पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है | कई निगमों में निर्दलीय प्रत्यशियों ने बीजेपी के बजाए कांग्रेस को समर्थन देकर चुनावी गणित पलट दिया | सोमवार को पांच नगर निगमों में वोटिंग के बाद बीजेपी के अरमानों पर पानी फिर गया | पांचों नगर निगमों में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर नया रिकार्ड कायम किया है | अब मात्र दो अंबिकापुर और भिलाई नगर निगम में भी कांग्रेस अपना कब्जा जमाने में जुटी है |   

सोमवार को चुनाव के बाद एजाज ढेबर रायपुर नगर निगम के नये महापौर चुन लिये गये हैं। वोटिंग के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी एजाज ढेबर ने मृत्युंजय दुबे को हरा दिया है। एजाज ढेबर को 41 वोट मिले, सभी निर्दलीय प्रत्याशियों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। खास बात ये रही कि क्रास वोटिंग नहीं हुई। इससे पहले कांग्रेस को निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थन देने का ऐलान कर दिया । इस जीत के साथ कांग्रेस ने महापौर पद पर रायपुर में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है। किरणमयी नायक, प्रमोद दुबे के बाद एजाज ढेबर कांग्रेस के महापौर बने हैं। जबकि सभापति पद पर प्रमोद दुबे निर्वाचित हुए | 

 चिरमिरी में भी नगर निगम में महापौर और सभापति पद पर कांग्रेस काबिज हुई |  महापौर के लिए कंचन जायसवाल तो सभापति पद पर गायत्री बिरहा निर्विरोध निर्वाचित हुईं | धमतरी में 135 साल का रिकॉर्ड टूटा है, जहां नगरीय निकाय बनने के बाद पहली बार कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विजय देवांगन को 40 में से 22 वोट मिले हैं, सभापति के पद पर भी कांग्रेस का कब्जा हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग मसीह 40 में से 25 वोट मिले हैं। 

वहीं नगर निगम दुर्ग में भी कांग्रेस का परचम लहराया है, कांग्रेस के धीरज बाकलीवाल महापौर बने हैं | कांग्रेस के धीरज बाकलीवाल को 60 में से 40 वोट मिले हैं। जबकि यहां कुल 30 ही कांग्रेसी पार्षद थे, 16 बीजेपी पार्षद थे वहीं 14 पार्षद अन्य थे।

रायगढ़ में भी कांग्रेस की जानकी काटजू ने जीत दर्ज की | यहां भी वोटिंग के बाद कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखाई दिया | निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस का  समर्थन कर उसकी जीत सुनिश्चित कर दी | जानकी बाई काटजू के पक्ष में 26 पार्षदों ने वोट दिया तो वही उनकी प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की नवधा मिरी को 22 वोट मिले।।सभापति के रूप में कॉंग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व कद्दावर नेता जयंत ठेठवार को चुन लिया गया। यहाँ भी उन्होनें अपना लोहा मनवा ही लिया । सभागृह में जयंत के पक्ष में 30 पार्षदों ने वोट डाले तो इनके प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के महेश कंकरवाल को मात्र 18 वोट से ही संतुष्ट होना पड़ा।

 इसके पूर्व बिलासपुर , जगदलपुर और राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस ने अपना परचम लहरा कर बीजेपी को सकते में डाल दिया है | 

Back to top button