मध्य प्रदेश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा… प्रियंका गांधी कांग्रेस नेताओं के महिला विरोधी दृष्टिकोण के लिए माफी मांगें

भोपाल। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश की धरती पर जब कदम रखें तो सर्वप्रथम उन्हें दो काम करने चाहिए। पहला मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेताओं द्वारा महिला विरोधी बयानबाजी और महिलाओं के प्रति खराब सोच के लिए प्रदेश की जनता से साष्टांग होकर माफी मांगनी चाहिए। वहीं प्रियंका गांधी को प्रदेश की भाजपा सरकार को धन्यवाद देना चाहिए, जिसने महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए लाडली बहना योजना की शुरूआत की है।

यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी के जबलपुर आगमन को लेकर प्रतिक्रिया में कही। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गये महिला उत्पीडऩ की घटनाओं के लिए प्रियंका गांधी को साष्टांग होकर प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। माफी अपनी ही पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री उमंग सिंगार के महिला उत्पीडऩ के उस कृत्य के लिए मांगनी चाहिए, जिसके बाद वह महिला आत्महत्या करने पर विवश हो गई थी। प्रियंका गांधी को माफी मांगनी चाहिए कि कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल के व्यभिचार और दुराचार के लिए जिसे कमलनाथ शह देते रहे। कमलनाथ जो एक महिला को ’आइटम’ और दिग्विजय सिंह ’टंच माल’ बुलाते हैं, उसके लिए भी प्रियंका को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी जनता को बताएं कि महिलाओं को आयटम और टंच माल कहने वाले कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के प्रति उनका क्या दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि प्रियंका अगर ऐसा नहीं करती हैं, तो आपका यह मध्यप्रदेश दौरा राजनीतिक पर्यटन ही होगा। प्रदेश की महिलाएं और जनता यह समझ जायेगी, आपमें वह राजनीतिक सामथ्र्य नहीं है कि आप सही को सही और गलत को गलत कह पायें।

प्रदेश सरकार को धन्यवाद दें प्रियंका

शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी चुनाव के पहले महिला सशक्तिकरण की बातें करती हैं, लेकिन जहां-जहां कांग्रेस सरकारें हैं, वहां महिला सशक्तिकरण की दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुए हैं। प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश की धरती पर पधार रही हैं, तो उन्हें मध्यप्रदेश सरकार को महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों और खासकर जबलपुर जहां उनका आगमन है, वहीं से लाडली बहना योजना की शुरूआत करने के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार को धन्यवाद देना चाहिए।

Back to top button