मध्य प्रदेश

भाजपा ने कांग्रेस से छीनी धार नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी, कांग्रेस दो स्थानों पर अपना कब्जा बनाए रखने में रही सफल

धरमपुरी और राजगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस कुर्सी बचाने में सफल

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में भाजपा ने कांग्रेस से नगर पालिका अध्यक्ष की सीट छीनकर अपनी जीत का परचम लहरा दिया। रविवार को जिले में तीन स्थानों पर नगर सरकार के फैसले हुए, जिसमें दो स्थानों धरमपुरी और राजगढ़ में कांग्रेस अपनी सीटें बचाने में कामयाब रही, लेकिन धार नगर पालिका में भाजपा ने कांग्रेस से सीट छीन ली। पिछली बार इन तीनों स्थानाें पर कांग्रेस का कब्जा था।

धरमपुरी और राजगढ़ में कांग्रेस की नगर सरकार बनने से कांग्रेस में खुशी की लहर है, कहीं ढोल बज रहे हैं तो कहीं मिठाईयां बांटी जा रही हैं, तो कहीं पर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया जा रहा है, क्योंकि इन दोनों नगर परिषद में कांग्रेस ने एक बार फिर से परचम लहाराया है। ज्ञात हो कि, रविवार को मध्यप्रदेश के धार जिले के धरमपुरी और राजगढ़ नगर परिषद  तथा धार नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव हुए। इसमें धरमपुरी नगर परिषद में एक बार फिर कांग्रेस की जीत हुई, यहां कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार निक्की डॉक्टर जियाउल हक अध्यक्ष निर्वाचित हुई, यहां कुल 15 वार्डों में से 9 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते थे, वहीं भाजपा 5 सीटों पर सिमटी थी, एक पार्षद निर्दलीय चुनाव जीता था। इसी तरह राजगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी सवेरा महेश जायसवाल की जीत हुई, उन्हें 9 वोट मिले, जबकि भाजपा की रितु निलेश को महज 6 वोट मिले।

धार में पंजा हारा, खिला कमल

धार नगर पालिका में भाजपा के 19 पार्षद, कांग्रेस के 9 और 3 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे, जिससे साफ हो गया था कि यहां भाजपा का अध्यक्ष निर्वाचित होगा। भाजपा से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नेहा बोड़ाना को 19 मत मिले, जबकि कांग्रेस की मीना शांतु डोड को 10 मत मिले थे। कुल 30 पार्षदों ने यहां मतदान किया, जिसमें से एक मत निरस्त हो गया। भाजपा की जीत दर्ज होते ही भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखा गया। घोषणा होते ही नगर में विजयी जुलूस निकाला गया। इससे पहले कांग्रेस के पर्वत सिंह चौहान अध्यक्ष पद पर जीते थे। लेकिन इस प्रकार यहां भाजपा ने कांग्रेस से सीट छीन ली।

Back to top button