मध्य प्रदेश

भाजपा ने कई जिलों के प्रभारी बदले, मंडल अध्यक्ष भी हटाए जा सकते हैं

प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद हुआ बदलाव

भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की विगत दिनों हुई बैठक में सबको साधने के निर्णय के बाद भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बदलाव भी शुरू कर दिए हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में आधा दर्जन जिलों के जिला प्रभारियों को बदला गया है। इसके अलावा जल्द ही कुछ और जिलाध्यक्ष भी आने वाले समय में बदले जा सकते हैं। इसमें चुनाव लडऩे वाले और संगठनात्मक निर्णय पर अमल में  कमजोर साबित होने वाले अध्यक्ष शामिल होंगे।

जिन जिलों में नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है उसमें दमोह, बालाघाट, सिवनी और इंदौर ग्रामीण जिले शामिल हैं। दमोह में सतानंद गौतम, सिवनी में अरुण द्विवेदी, बालाघाट में जीएस ठाकुर और इंदौर ग्रामीण में रायसिंह सेंधव को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इनके अलावा कुछ और जिला प्रभारी भी बदले जा सकते हैं। इसके साथ ही जिन जिलों के जिलाध्यक्षों ने विधानसभा का चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं उनके स्थान पर भी नए जिलाध्यक्ष को नियुक्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले कमजोर परफारमेंस वाले कुछ जिलाध्यक्ष पूर्व में हटाए गए थे और अभी भी कुछ जिलाध्यक्षों को हटाए जाने की कार्यवाही हो सकती है। लेकिन इसके पहले कुछ जिला प्रभारियों को भी बदला जा रहा है।

मंडल अध्यक्षों की रिपोर्ट भी निगेटिव

इसके अलावा भाजपा प्रदेश संगठन के पास कुछ मंडल अध्यक्षों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिसके बाद प्रदेश के कई जिलों में मंडल अध्यक्ष पर भी कार्यवाही की तलवार लटक रही है। यह मंडल अध्यक्ष प्रदेश संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में गंभीर नहीं बताए जा रहे हैं। संगठन द्वारा दिए गए कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी इनकी रुचि नहीं रही है, जिसके कारण संगठनात्मक कार्यों पर असर पड़ा है। बीजेपी संगठन ऐसे मंडल अध्यक्षों को हटाने का निर्णय भी ले चुका है और जल्द ही लापरवाह मंडल अध्यक्षों को हटाया जा सकता है।

Back to top button