मध्य प्रदेश

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व मंत्री की बहू ने थामा बीजेपी का दामन

दिग्विजय सिंह के किले में बीजेपी ने लगाई सेंध, नेताओं का दल बदलने का सिलसिला शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ही दल बदलने का खेल शुरू हो गया है। अब भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय के गढ़ चाचौड़ा में बड़ी सेंध मारी है। यहां कांग्रेस से पूर्व राज्य मंत्री और विधायक रहे हरभजन सिंह मीणा की बहू और महिला नेत्री प्रियंका मीणा ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया है।

रविवार को उन्होंने भोपाल में भाजपा कार्यालय पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। उनके साथ चांचौड़ा इलाके के 100 से ज्यादा सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। इस दौरान प्रियंका मीना ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। प्रियंका के भाजपा में आने से यहां पहले से स्थापित कुछ नेताओं के समीकरण बिगड़ सकते हैं। ज्ञात हो कि प्रियंका मीणा का बीजेपी में आना चाचौड़ा इलाके में बड़ी राजनैतिक हलचल के रूप में देखा जा रहा है। प्रियंका को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी मुरली धर राव, संगठन महामंत्री हितानंद ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई हैं।

जिला पंचायत चुनाव के दौरान ज्यादा चर्चाओं में आईं थीं प्रियंका मीणा

ज्ञात हो कि प्रियंका पेंची तीन वर्ष पहले ब्याहकर राजस्थान से गुना आयीं थी। उनके पति आईआरएस हैं और वर्तमान में दिल्ली में पदस्थ हैं। प्रियंका मीना उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आयीं, जब उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। वार्ड 16 से वह चुनावी मैदान में उतरीं थीं। उनके सामने पूर्व विधायक ममता मीना, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना चौहान थीं। बेहद कम समय में ही उन्होंने क्षेत्र में अपनी पहचान के दम पर यह चुनाव लड़ा। वह ममता मीना से महज 235 वोट से चुनाव हार गईं थी। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना चौहान तीसरे नंबर पर रहीं थी।

बदल जाएंगे चांचौड़ा में चुनावी समीकरण

अब प्रियंका मीणा के बीजेपी में आ जाने से चांचौड़ा में नए राजनैतिक समीकरण तैयार हो जाएंगे। फिलहाल भाजपा से पूर्व विधायक और जिला पंचायत सदस्य ममता मीणा जोर शोर से चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। उन्हें बीजेपी से टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लेकिन प्रियंका मीणा के बीजेपी में शामिल हो जाने से अब ममता मीणा के सामने एक प्रतिद्वंद्वी बढ़ जाएगा।

कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है यह सीट

चाचौड़ा विधानसभा सीट वैसे तो कांग्रेस का गढ़ माना जाता था,  2013 में इस सीट पर बीजेपी की ममता मीणा ने चुनाव जीता था। लेकिन फिर 2018 में कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को इस सीट से प्रत्याशी घोषित किया था, जो यहां से जीत गए थे। बता दें 1994 के उपचुनाव में इस सीट से दिग्विजय सिंह को जीत मिली थी। इसके बाद 1998, 2003 और 2008 के विधानसभा चुनावों में चाचौड़ा पर कांग्रेस ही काबिज रही। विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो इस सीट पर पांच बार कांग्रेस तो 2 बार भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली।

मऊगंज के मृगेंद्र सिंह भी कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी के हुए

प्रियंका मीणा के साथ ही रीवा के मऊगंज से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले मृगेंद्र सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया। वहीं बजरंगदल के क्षेत्र संयोजक राव उदय प्रताप भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं, जो महाकौशल में काम कर रहे थे। करीब 450 कार्यकर्ता बीजेपी में आज हुए शामिल।

Back to top button