मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी बने भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव को सहप्रभारी की जिम्मेदारी

भाजपा ने घोषित किए चार राज्यों में चुनाव प्रभारी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश सहित इस साल के अंत में होने वाले चुनाव वाले चार राज्यों में चुनाव प्रभारी की नियुक्ति की है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मध्यप्रदेश भाजपा का चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किया है। भूपेंद्र यादव पहले भी कई राज्यों के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं।

इस साल के आखिर के दो महीनों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव वाले राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, और तेलंगाना के लिए शुक्रवार को केंद्रीय प्रभारियों व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को छत्तीसगढ़ और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को तेलंगाना का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और हरियाणा के कुलदीप बिश्नोई को राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्ति किया गया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को मध्य प्रदेश का और भाजपा महासचिव सुनील बंसल को तेलंगाना का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा केंद्रीय प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति करती है। प्रभारी व सह प्रभारी चुनावी राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करते हैं और चुनावी रणनीति को फाइनल करते हैं। चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के चयन में भी उनकी अहम भूमिका होती है। प्रभारी और सह-प्रभारी राज्य नेतृत्व व केंद्रीय नेतृत्व के बीच सेतु का काम भी करते हैं।

तय करेंगे दो सौ पार का लक्ष्य

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को मध्यप्रदेश का चुनाव प्रभारी एवं अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किए जाने पर उन्हें बधाई दी है। शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री यादव एवं वैष्णव के संगठन कौशल और मूर्धन्य व्यक्तित्व का लाभ मध्यप्रदेश संगठन को मिलेगा। भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों, संगठन तंत्र की शक्ति एवं उनके मार्गदर्शन में 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 51 प्रतिशत वोट शेयर एवं 200 पार का लक्ष्य हासिल कर सरकार बनाएगी।

Back to top button