मध्य प्रदेश

भारत जोड़ो यात्रा विश्राम पर: फुर्सत के पलों में क्रिकेट की पिच पर उतरे राजनीति के खिलाड़ी, डांस में भी दिखाया जोश, वीडियो हुआ वायरल

एमपी के राज्यसभा सदस्य और पूर्व सीएम दिग्विजय को डांस करते देख भाजपा नेता ने ली चुटकी

भोपाल। राहुल गांधी के गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से भारत जोड़ो यात्रा विश्राम पर है। इसके चलते यात्रा की मध्यप्रदेश में तैयारियों में जुटे प्रदेश के राज्य सभा सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी फुर्सत में हैं। इन फुर्सत के पलों में वे कभी क्रिकेट खेलते तो कभी जोश उत्साह में डांस करते नजर आ रहे हैं। दिग्विजय का ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने कुछ साथियों के साथ एक गीत पर जमकर नाचते नजर आ रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद दिग्विजय सिंह के इस अंदाज पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा चुटकी लेने से पीछे नहीं रहे। उन्होंने इस वीडियो को देखने के बाद चुटकी ली। नरोत्तम ने ट्विटर पर ट्विट करते हुए दिग्गी पर तंज कसते हुए लिखा है कि ‘उनका उमंग भरा डांस और खुशी से दमकता चेहरा। आपकी यह धारदार चाल हमेशा बनी रहे।’ ज्ञात हो कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में दिग्विजय जी जान से जुटे हैं। उनका जोश 75 वर्ष की उम्र में भी किसी युवा से कम नहीं दिखाई दे रहा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र के बाद अब मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। अब तक तय शेड्यूल के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने वाले राहुल गांधी कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में गुजरात पहुंचे हैं। इस दौरान यात्रा दो दिन के विश्राम पर है। विश्राम और फुर्सत के ये क्षण दिग्विजय सिंह पूरे जोश व उत्साह से बिताते नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक गौरव पांधी ने शेयर किया है वीडियो

कांग्रेस के नव नियुक्त राष्ट्रीय समन्वयक गौरव पांधी ने दिग्विजय सिंह के इस उत्साह और जोश को कैमरे में कैद किया और ट्विटर पर वीडियो शेयर कर दिया। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा के मप्र में प्रवेश करने से पहले दो दिन के विश्राम के दौरान खुद को नवीन ऊर्जा से लबरेज करते हुए कुछ प्रफुल्लित, नाचते-गाते चेहरे। दिग्विजय सिंह जी की तो क्या बात है।’

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ली चुटकी

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ तो मप्र के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी चुटकी लेने से पीछे नहीं हटे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नरोत्तम ने कहा कि ‘उनका उमंग भरा डांस और खुशी से दमकता चेहरा। आपकी धारदार चाल ऐसी ही बनी रहे।’

दिग्विजय सिंह ने यूं दिया जवाब

इसके जवाब में दिग्विजय सिंह ने लिखा ‘जब कई दिनों तक हम साथ चल रहे हों तो क्या हमें मौज-मस्ती नहीं करनी चाहिए। हां, हमें करना चाहिए और हम करते हैं। इसलिए भारत जोड़ो यात्रा में हमारे साथ शामिल हों। हमारे यात्रियों के लिए इस सबका इंतजाम करने के लिए हर्षवर्धन सपकाल का भी धन्यवाद!’

Back to top button