मध्य प्रदेश

कांग्रेस विधायक बाबूलाल जंडेल के बिगड़े बोल, कहा- अगर हमारी सरकार आई तो मैं जिंदा जला दूंगा

श्योपुर। मध्यप्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जा रहा है, नेताओं के बोल उग्र होते जा रहे हैं। इसी के चलते श्योपुर के कांग्रेस विधायक बाबूलाल जंडेल एक बार फिर अपने बयान से विवाद में घिर गए हैं। इस बार एक नहीं, बल्कि तीन-तीन विवादित बयान उन्होंने एक साथ दिए, जो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। कांग्रेस विधायक बाबूलाल जंडेल ने ये बयान पशु पालकों और वनांचल के ग्रामीणों के समर्थन में कांग्रेस द्वारा किए गए आंदोलन के दौरान अपने संबोधन में दिया। बाबूलाल जंडेल पहले भी इस तरह के विवादित बयान दे चुके हैं।

कांग्रेस विधायक जंडेल ने संबोधन के दौरान कहा है कि भाइयों, अगर सरकार आई तो आप इसकी चिंता मत करो, जंगल में बकरियों को जलाने वालों को मैं जिंदा जला दूंगा। वह यहीं नहीं रुके और कहने लगे कि मैं बाहर था, मुझे सुनने में आया था कि पुलिस वालों ने लोगों को मारा-पीटा है, अगर मैं यहां होता तो मेडिकल पुलिस वालों का भी होता।

इसके अलावा अपने संबोधन के दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत और खुद की लोकप्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि सरपंच बनना बहुत ज्यादा मुश्किल है, अगर रामनिवास रावत सरपंच का चुनाव लड़ेंगे तो वह चुनाव हार जाएंगे, उन्होंने खुद के लिए कहा कि वह विधायक का चुनाव जीत गए। लेकिन, सरपंच का चुनाव लड़ेंगे तो हार जाएंगे। इस तरह विधायक ने बातों ही बातों में अपनी और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत की लोकप्रियता पर सवाल खड़े कर दिए, जो अब चर्चा में हैं।

Back to top button