देश

इस साल 9 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव, कई जगह मिले नए सीएम, जानिए बीजेपी-कांग्रेस का प्रदर्शन

नई दिल्ली
साल 2023 को खत्म होने में अब बस दो दिनों का समय बचा है। यह वर्ष देश की राजनीति में उतार-चढ़ाव का गवाह रहा। यह साल जानें से पहले कई पार्टियों के लिए नया जोश देकर जा रहा है, खासकर बीजेपी पार्टी को। देश में इस साल कुल नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, जिनमें बीजेपी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। इस प्रदर्शन ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी में नया जोश भर दिया है। आइए नजर डालते हैं कि इन नौ विधानसभा चुनावों में किस पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहा?

त्रिपुरा
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर 16 फरवरी को मतदान हुआ और 2 मार्च को चुनाव नतीजे सामने आए। बीजेपी ने यहां 32 सीटें जीत कर अपने दम पर सरकार बनाई। इसके अलावा, आईपीएफटी ने एक सीट, सीपीएम-कांग्रेस गठबंधन ने कुल 14 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके अलावा सीपीएम को 11 और कांग्रेस को 3  सीटें नसीब हुई। बीजेपी ने माणिक साहा को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया।

नागालैंड
नागालैंड की 60 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान हुआ और दो मार्च को नतीजे सामने आए। अगर सीटों की बात करें तो बीजेपी के खाते में 12 सीटें नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को 25 सीट हासिल हुई। वहीं, कांग्रेस राज्य में खाता तक नहीं खोल पाई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और नैशनल पीपल्स पार्टी ने सात और पांच सीटों पर जीत हासिल की जबकि अन्य के खाते में 11 सीटें आईं।

मेघालय
राज्य में 59 सीटों पर मतदान 27 फरवरी 2023 को हुआ। 2 मार्च को चुनाव परिणाम आए। राज्य में फिर से BJP के गठबंधन की वापसी हुई। चुनाव के नतीजों में बीजेपी के खाते में केवल 2 सीटें आई। नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) ने 26 सीटों पर जीत दर्ज करके सरकार बनाई। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 11, कांग्रेस को 5 और टीएमसी को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई। चुनावी नतीजों के बाद नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन में कॉनराड संगमा मुख्यमंत्री बनाए गए।

मिजोरम
मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर 2023 को मतदान हुआ। इसके नतीजे तीन दिसंबर को आए। इसमें जोरम पिपुल्स मूवमेंट (ZPM) को 27, मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) को 10, बीजेपी को 2, कांग्रेस को 1 और अन्य को 1 सीट पर जीत हासिल हुई।  जोरम पिपुल्स मूवमेंट पार्टी ने राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। ZPM ने लालदुहोमा को मुख्यमंत्री बनाया।

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए दो चरणों में मतदान हुआ। 7 नवंबर को पहले चरण में 20 सीटों के लिए वोटिंग हुई, जबकि 17 नवंबर को 70 सीटों के लिए मतदान हुआ। तीन दिसंबर को चुनाव के नतीजे आए, जिसमें बीजेपी को 54 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस ने 35 सीटों पर जीत दर्ज की और 1 सीट अन्य के खाते में आई। बीजेपी ने राज्य में एक नया सीएम उतारा, विष्णु देव साय को बीजेपी ने सीएम बनाया।  

कर्नाटक
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के तहत 224 सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ। 13 मई को चुनाव नतीजे सामने आए। इसमें कांग्रेस ने 136 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। बीजेपी को महज 65 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही बीजेपी का राज्य में दूसरी बार सरकार बनाने का सपना भी टूट गया। जेडीएस ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की औ अन्य के खाते में महज 4 सीटें आईं। नतीजों के बाद कांग्रेस ने सिद्धारमैया को सीएम की कुर्सी पर बैठाया जबकि डीके शिवकुमार को डिप्टी सीएम बनाया गया।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर 2023 को विधानसभा की 230 सीटों के लिए मतदान हुआ। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 163 सीटों पर जीत दर्ज करके प्रचंड बहुमत के साथ राज्य में दोबारा सरकार बनाई। इसके अलावा, कांग्रेस ने एमपी में 66 सीटें जीतीं, जबकि 1 सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी को जीत हासिल हुई। बीजेपी ने शिवराज सिंह को दोबारा मुख्यमंत्री न बनाकर मोहन यादव को नया सीएम बनाया।

राजस्थान
राजस्थान विधानसभा चुनाव में 199 सीटों पर 25 नवंबर को मतदान हुआ। 3 दिसंबर को चुनावों के नतीजे आए। इसमें बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत दर्ज करके गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। कांग्रेस को 69, बसपा को 2 और अन्य को 15 सीटें मिलीं। बीजेपी ने राज्य में इस बार वसुंधरा राजे की जगह भजनलाल शर्मा को सीएम की कुर्सी सौंपी।

तेलंगाना
तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर मतदान हुआ। तीन दिसंबर को वोटों की गिनती की गई। यहां कांग्रेस ने 64 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया और 10 साल से सत्तारूढ़ भारत ऱाष्ट्र समिति (BRS) के केसीआर को कुर्सी से बाहर किया। बीआरएस को इस चुनाव में 39 सीटों पर जीत मिली, जबकि भारतीय जनता पार्टी के 8 विधायक जीते। वहीं, एआईएमआईएम ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की। एक सीट अन्य के खाते में गई। तेलंगाना में रेवंत रेड्डी को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाया।   

 

Back to top button