राजस्थान

ओडिशा से गांजा लाकर भरतपुर में बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

भरतपुर.

भरतपुर जिले की रुदावल थाना पुलिस ने एक आरोपी को छह किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छोटे तस्करों को गांजा सप्लाई करता था। आरोपी रवि के पास काफी मात्रा में गांजा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया, पुलिस का जाब्ता खेरिया उच्चैन रोड़ ठिकरिया मोड़ पर नाकाबंदी किए हुई थी।

वहां से रवि (33) निवासी नारौली थाना रुदावल पैदल जा रहा था। तभी पुलिस ने रवि को रोका और उसके पास बैग की तलाशी ली। इसमें गांजा रखा हुआ था। इस पर पुलिस ने तुरंत रवि को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिसकर्मी थाने लेकर आए और गांजे के पैकेट का वजन करवाया तो वह छह किलो निकला। पुलिस ने गांजे को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर आता है और छोटे-छोटे तस्करों को गांजा सप्लाई करता है। कुछ दिनों पहले रूपवास पुलिस ने उसके भाई को भी 45 किलो गांजे के साथ पकड़ा था। दोनों भाई मिलकर गांजे का अवैध कारोबार करते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी के पास और गांजा हो सकता है। इसलिए आरोपी से फिलहाल पूछताछ जारी है।

Back to top button