मध्य प्रदेश

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर बोला हमला : क्या राहुल गांधी को हमारी सेना पर विश्वास नहीं, वे चीन की भाषा बोल रहे

‘खेलो इंडिया’ के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने भोपाल आए केंद्रीय मंत्री ने दी कांग्रेस को नसीहत

भोपाल। राहुल गांधी के सेना पर दिए गए बयान पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल चीन की भाषा बोल रहे हैं। वे 1962 के जमाने में जी रहे हैं। राहुल गांधी भारत की सेना को बार-बार नीचा दिखाने का काम न करें। क्या कांग्रेस ने ठान लिया है कि भारत की सेना का मनोबल गिराना है। क्या राहुल गांधी को भारत की सेना पर विश्वास नहीं है? बार-बार आपको चीन क्यों भारी लगता है?
अनुराग बोले- देश में कुछ लोग देश की जनता को गुमराह कर रहे
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ‘खेलो इंडिया’ के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को भोपाल आए थे। खेलो इंडिया 30 जनवरी से मध्यप्रदेश में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के समय 10 साल तक सेना के जवानों को ना स्नो बूट मिले, ना स्नो सूट, ना बुलेट प्रूफ जैकेट, ना लड़ाकू विमान मिले। मोदी सरकार आने के बाद मेक इन इंडिया डिफेंस सेक्टर में हुआ। राफेल विमान भी मिले और लड़ाकू विमानों के साथ बुलेट प्रूफ जैकेट, स्नो बूट्स, स्नो सूट से लेकर सेना को मजबूत करने का काम किया। दुनिया में भारत का मान-सम्मान और ताकत बढ़ी है। लेकिन, देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो आज भी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
राहुल की पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में झंडा फहराने वालों को जेल में डाला था
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है। आज राहुल गांधी जम्मू कश्मीर के लाल चौक पर झंडा फहराने की बात कर रहे हैं। 1942 में हमारे नेताओं को जेल में डाला था। 2011 में जब हमने झंडा फहराने की बात कही थी, तो कश्मीर पहुंचने पर मुझे, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को जेल में डाल दिया गया था। लेकिन, राहुल गांधी जी यह आज का भारत देश है, मोदी की सरकार है, यहां हर घर तिरंगा फहराया जाता है। आपको भी तिरंगा फहराने के लिए स्वागत है। आप जम्मू कश्मीर आएं एक पर्यटक की तरह, लेकिन ध्यान रहे कि देश में शांति को भंग न करें। आज जम्मू कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो रहा है, लेकिन जब 1992 में भाजपा के वरिष्ठ नेता जोशी जी गए, तो आतंकवादी घटनाएं बढ़ गई थीं। इन्होंने कभी 26/11 हमले का जवाब नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं, जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की।
000000000000000000000

Back to top button