मध्य प्रदेश

सागर में जीप से कुचलकर हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 5 फरार

सागर। मध्यप्रदेश के सागर के मकरोनिया में चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में जीप से कुचलकर युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपियों में से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी 5 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। एक आरोपी पूर्व में पकड़ा जा चुका है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी लवी गुप्ता और उसका साथी आशीष मालवीय की बहेरिया क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। लोकेशन मिलते ही घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में उपयोग किया गया थार वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मृतक के परिवार में आक्रोश व्याप्त है। हालांकि, पुलिस के अनुसार इस मामले में फरार भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता समेत 5 आरोपियों की पुलिस तलाश की जा रही है। इसके पहले आरोपी वकील गुप्ता को गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या के प्रकरण में कुल 8 आरोपी हैं, जिनमें से अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकी 5 आरोपी अभी भी फरार हैं। ज्ञात हो कि चुनावी रंजिश के चलते गुरुवार रात हुए विवाद में आरोपी लवी गुप्ता, लकी गुप्ता, हनी गुप्ता, भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता, वकील गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता और आशीष मालवीय ने मकरोनिया चौराहे के पास स्थित डेयरी पर पहुंचकर मारपीट की थी। विवाद बढ़ा और आरोपियों ने कार से जगदीश यादव को कुचल दिया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

Back to top button