मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में बैन होगी अजय देवगन की ‘थैंक गॉड’: मंत्री विश्वास सारंग ने लिखा पत्र ….

भोपाल। फिल्म एक्टर अजय देवगन से नाराजगी अब छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है। उनकी फिल्म रिलीज होने से पहले ट्रेलर ही विवादों में घिर गया है। लोग फिल्म पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए इसे बैन करने की बात कर कर रहे हैं। अब यह मांग मध्यप्रदेश के मंत्री ने भी कर दी है। मंत्री विश्वास सारंग ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर फिल्म थैंक्स गॉड को बैन करने की मांग की है।

विश्वास सारंग ने फिल्म में अजय देवगन का नाम चित्रगुप्त होने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने पत्र में लिखा कि फिल्म के ट्रेलर में कुछ आपत्तिजनक दृश्य भी दिखाए गए हैं। कायस्थ समाज ने भी फिल्म के प्रति कड़ा विरोध जताया है। पत्र में मंत्री सारंग ने 25 अक्टूबर को फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि फिल्म थैंक गॉड का ट्रेलर 9 सितंबर 2022 को आउट हुआ था। इस फिल्म में अजय देवगन के अलावा रकुल प्रीत और सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य किरदार में हैं। फिल्म 25 अक्टूबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। अजय देवगन चित्रगुप्त का किरदार निभा रहे हैं, जो इंसानों के कर्मों का हिसाब-किताब करते नजर आएंगे। इसी कारण ट्रेलर आउट होते ही फिल्म का विरोध शुरू हो गया है।

कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर में फिल्म के विरोध में प्रदर्शन हुआ था, जिसमें लोगों ने ज्ञापन देकर इसे बैन करने की मांग की थी। वहीं उत्तर प्रदेश में कई सामाजिक संगठनों ने इसे लेकर केस भी दर्ज कराया गया है। लोगों ने कहा कि अजय देवगन ने भगवान चित्रगुप्त का मखौल उड़ाते हुए उनको, उनके मूल स्वरूप से अलग सूटबूट में अर्धनग्न स्त्रियों के साथ खड़े होकर घटिया चुटकुले प्रयोग करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का फिल्म में प्रयोग किया गया है। इस वजह से फिल्म ‘थैंक गॉड’ का विरोध हो रहा है।

Back to top button