मध्य प्रदेश

ब्रह्मचर्य का पाठ पढ़ाने वाला खंडवा का 52 साल का व्यापारी हनीट्रैप में फंसा, बोला- लड़की ने न्यूड वीडियो कॉल किया, मैं अपना कंट्रोल खो बैठा ….

भोपाल। मध्यप्रदेश के खंडवा  में ब्रह्मचर्य का पाठ पढ़ाने वाला एक 52 साल का व्यापारी हनीट्रैप का शिकार हो गया। उसे वॉट्सऐप पर न्यूड कॉलिंग कर फंसाया गया। इसके बाद ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड की जाने लगी। व्यापारी ने 5100 रुपए दे भी दिए। बाद में और पैसों की मांग की गई, जब और पैसे नहीं दिए तो सेक्सटॉर्शन गैंग के एक सदस्य ने खुद को पुलिस कमिश्नर बताते हुए व्यापारी को धमकाया।

परेशान होकर उक्त किराना व्यापारी ने मोघट रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि वे वॉट्सऐप के 16 ग्रुप पर ब्रह्मचर्य का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन खुद ही काम वासना का शिकार हो गए। क्षणिक सुख के चक्कर में अपनी छवि धूमिल कर ली। जब वॉट्सऐप पर लड़की ने वीडियो कॉलिंग की तो उसका अश्लील वीडियो देखकर खुद पर कंट्रोल नहीं रख पाया।

शिकायत में पीड़ित किराना व्यापारी ने कहा कि मैं खुद 16 से ज्यादा वॉट्सऐप ग्रुप में लोगों को ब्रह्मचर्य की प्रेरणा देता हूं। मैंने फेसबुक अकाउंट बनाया। महिलाओं और लड़कियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट को एक्सेप्ट कर लिया। 17 सितंबर की रात मुझे वॉट्सऐप पर एक लड़की का कॉल आया। उसने मुझे अश्लील वीडियो भेजे। इसके बाद लड़की ने वीडियो कॉल किया। मैंने उसे रिसीव कर लिया। लड़की आपत्तिजनक हालत में थी। मैं भी उसकी बातों में आ गया और कामवासना का शिकार हो गया। इसी दौरान का वीडियो उसने सेव कर लिया। अब लड़की और उसकी गैंग के लोग यही वीडियो मुझे भेजकर ब्लैकमेल करने लगे। बोले- 5100 रुपए दो, वरना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। छवि खराब न हो, इस डर से मैंने दूसरे दिन यानी 18 सितंबर को 5100 रुपए उनके बताए खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद वे फिर रुपए मांगने लगे। रुपए नहीं देने पर उन्होंने वीडियो वायरल कर दिया।

व्यापारी ने बताया कि गैंग के एक सदस्य ने उनको कॉल किया। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं नोएडा क्राइम ब्रांच से बोल रहा हूं। जैसा जय सिंह बोल रहा है, वह करो, वरना छवि खराब हो जाएगी। 15 हजार रुपए दे दो। धमकाने वाले ने वॉट्सऐप पर दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना की वर्दी वाली फोटो लगा रखी थी। मैंने अपने परिचितों को जब इस बारे में बताया तो उन्होंने थाने पर शिकायत करने की सलाह दी।

ग्वालियर के कारोबारी से हो चुकी है ब्लैकमेलिंग

अगस्त 2022 में गुजरात की हनी गर्ल ने ग्वालियर के कपड़ा कारोबारी को अपने जाल में फंसाया और फिर वीडियो बनाकर 25 लाख रुपए की डिमांड की। कारोबारी ने 2 लाख रुपए दे भी दिए, फिर भी हनीट्रैप गैंग उसे ब्लैकमेल कर रही थी। खास बात ये है कि गैंग का मास्टरमाइंड पीड़ित कारोबारी का दोस्त ही निकला।

चंबल की सास-बहू ने डॉक्टर को हनीट्रैप में फंसाया

मुरैना‎ जिले के सुमावली में एक बुजुर्ग आरएमपी डॉक्टर का उसके‎ ही पड़ोस के आरएमपी डॉक्टर ने‎ अपनी रिश्तेदार की मदद से‎ अश्लील वीडियो बनवाया। इसके बाद डॉक्टर से आरोपी 1 लाख रुपए ऐंठ चुके थे। इस‎ काम में बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे-बहू‎ की मदद ली। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर, महिला, उसके बेटे-बहू और एक सहयोगी को गिरफ्तार किया था।

भोपाल में सिंचाई विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर से वसूले थे 15 लाख

अप्रैल 2022 में भोपाल में भी हनीट्रैप का मामला सामने आया था। एक महिला ने सिंचाई विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर को प्रेम जाल में फंसाकर 15 लाख रुपए वसूल लिए। इतनी रकम देने के बाद भी महिला और उसके साथी पैसे की मांग करते रहे। इंजीनियर ने बताया कि महिला पैसा नहीं मिलने पर वीडियो वायरल करने और रेप के केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। इसी तरह 19 मई 2022 को भोपाल के कमला नगर इलाके में हनीट्रैप कर अड़ीबाजी का मामला सामने आया था। एक युवती ने मदद के बहाने परिचित युवक से घर छोड़ने को कहा। इसके बाद वीडियो बनाकर उस पर रेप का आरोप लगा दिया और 50 हजार रुपए की मांग की। वारदात में युवती का बॉयफ्रेंड भी शामिल था। आरोपियों ने युवक को धमकी देकर 15 हजार रुपए छीन भी लिए थे।

Back to top button