
पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा का उनके जन्मदिवस पर 1 अप्रैल को होगा अनावरण
राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन का आयोजन भी होगा, कांग्रेस के दिग्गज नेता करेंगे संबोधित
भोपाल। मप्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा का उनके जन्मदिवस 1 अप्रैल को सुबह 9.30 बजे सहकारी शक्कर कारखाना सरवर देवला में अनावरण होगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन भी होगा, जिसे कांग्रेस पार्टी के अनेक दिग्गज नेता संबोधित करेंगे।
स्व. सुभाष यादव के ज्येष्ठ सुपूत्र पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री अरूण यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल को जवाहरलाल नेहरू सहकारी शक्कर कारखाना सरवर देवला में स्व. सुभाष यादव का जन्मदिन मनाया जायेगा। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण होगा। साथ ही राज्य स्तरीय किसान और सहकारी सम्मेलन में प्रदेश भर से कांग्रेस और सहकारी कार्यकर्ता यहां आकर अपने प्रिय नेता को श्रृद्धांजलि अर्पित करेंगे। कमलनाथ और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता हेलीपेड से सीधे इंजीनियरिंग कॉलेज जेआयटी बोरावां पहुंचेंगे। यहां पर वे पं. जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्व. सुभाष यादव के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे।
स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा के अनावरण और किसान एवं सहकारी सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सदस्यद्वय विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षद्वय सुरेश पचौरी और कांतिलाल भूरिया तथा पूर्व मंत्री अजय सिंह संबोधित करेंगे। सहकारी शक्कर कारखाने की अध्यक्ष दमयन्ती यादव, कसरावद के विधायक सचिन यादव और अरूण यादव की मेजबानी में आयोजित इस एतिहासिक आयोजन में कांग्रेस और सहकारी क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
विधायक सचिन यादव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र कसरावद और निमाड-मालवावासी किसानों और सहकारी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया है कि वे इस प्रतिष्ठा प्रसंग पर उपस्थित होकर अपने जनप्रिय नेता स्व. सुभाष यादव को पुष्पांजलि अर्पित करें। उन्होंने बताया कि स्व. सुभाष यादव की निमाड अंचल में यह पहली प्रतिमा सरवर देवला गॉव में सहकारी शक्कर कारखाने में स्थापित की जा रही है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में किसान और सहकारी कार्यकर्ता सरवर देवला में एकत्रित होंगे ।

















