
ननकीराम कंवर ने किसान मुद्दे पर दी धमकी, कहा- समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल करूंगा
कोरबा {गेंदलाल शुक्ल} । भारतीय जनता पार्टी के विधायक और छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के नाम पर किसानों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण की मांग करते हुए भूख-हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है।
विधायक ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जगह किसानों के घरों में छापामार कर उनके खून-पसीने की कमाई को जब्त करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि प्रशासनिक अमला इस तरह कार्रवाई कर रहा है, जैसे किसान चोर है। उन्होंने किसानों के पंजीकृत रकबा को मनमाने तरीके से कम करने के कारण उत्पन्न धान विक्रय की समस्या का उल्लेख कर कहा है कि पटवारी किसानों पर दबाव डाल कर प्रति एकड़ पन्द्रह क्विंटल धान उत्पादन की लिखित सहमति ले रहे हैं। इससे किसान आशंकित हो उठे हैं कि उनका शेष धान अवैध बताकर जब्त किया जा सकता है।
उन्होंने सहकारी समितियों, उपार्जन केन्द्र के कर्मचारियों और पटवारियों पर नित नये-नये नियम बताकर किसानों को परेशान करने और किसानों को टोकन जारी करने की आड़ में पटवारियों द्वारा भ्रष्टाचार किये जाने का भी आरोप लगाया है। श्री कंवर ने ग्रामीण क्षेत्र की किरानों दुकानों से धान जब्त करने के कारण किसानों को विनियम प्रणाली से रोजमर्रा के सामानों की खरीदी में असुविधा होने की जानकारी भी दी है। उपार्जन केन्द्र से गुणवत्ताहीन बताकर लौटाये गये धान को जब्ती के डर से किसान बेच नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने किसानों के साथ-साथ राईस मिलर्स को भी परेशान करने का आरोप लगाया है। अपने पत्र में किसानों की समस्या का तत्काल निराकरण नहीं करने पर बेमुद्दत भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी अपने पत्र में दी है।

















