देश

8 दिनों में मिले कोरोना के 37 मरीज, आदेश के बाद भी 24 घंटे में हुई 1.66 लाख लोगों की जांच…

पटना। ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना डरा रहा है। दिसंबर में खतरा कुछ ज्यादा ही दिख रहा है। 8 दिनों में 37 नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। यह हाल तब है जब मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी स्वास्थ्य विभाग 2 लाख जांच नहीं कर पा रहा है। जांच बढ़ाई जाए तो मामले भी बढ़ जाएंगे। बिहार में एक्टिव मामलों की संख्या भी हर दिन बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 9 नए मामले आने के बाद अब एक्टिव मरीजों की संख्या 35 हो गई है। तेजी से बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। जांच की संख्या बढ़ाने के साथ नए वैरिएंट को लेकर सतर्कता का निर्देश है।

पिछले 24 घंटे में 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें 4 मामले पटना के हैं। भोजपुर, गया, नालंदा, पूर्णिया और समस्तीपुर में एक-एक मामले आए हैं। अब पटना में 21 एक्टिव मामले हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक राज्य में कुल 7,26,259 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं, इसमें 7,14,133 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव हो गई है। यह लोग कोरोना को मात दे चुके हैं, लेकिन 12,090 लोगों की जान संक्रमण से चली गई है। बिहार में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 35 हो गई है। दिसंबर में एक-दो दिन थोड़ी राहत रही, अन्य दिनों में रिपोर्ट पॉजिटिव ही आई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में कोरोना से रिकवरी रेट 98.33% पर स्थिर है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना के खतरे को देखते हुए एक दिन में 2 लाख जांच कराने का निर्देश दिया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस टारगेट को पूरा नहीं कर पा रहा है। पिछले 24 घंटे में 1,66,837 लोगों की कोरोना जांच हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है और जांच की संख्या बढ़ाने के साथ वैक्सीनेशन पर जोर दे रहा है। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए सोशल डिस्टेंस और मास्क के नियम को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है।

Back to top button