लखनऊ/उत्तरप्रदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम की धरा अयोध्या नगरी में कई सौगातों की बौछार की, कहा- 23 तारीख के बाद आएं अयोध्या, अपने घरों में जलाएं श्रीराम ज्योति

अयोध्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम की धरा अयोध्या नगरी में कई सौगातों की बौछार की। अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्धाटन के बाद पीएम मोदी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में उमंग स्वाभाविक है। देश की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं। पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, 22 जनवरी को अपने-अपने घरों में श्री राम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं। 23 तारीख के बाद ही अयोध्या आएं।
 
हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है- पीएम
पीएम ने कहा कि देश के इतिहास में 30 दिसम्बर की ये तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। आज के दिन ही 1943 में नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में झंड़ा फहराकर भारत की आजादी का जयघोष किया था। पीएम ने कहा कि आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आज यहां ₹15,700 करोड़ की 46 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है। दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। एक समय था जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है। आजदी के आंदोलन से जुड़े ऐसे पावन दिवस पर आज हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।  
 
'22 जनवरी को घरों में श्रीराम राम ज्योति जलाएं, दिवाली मनाएं'
आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आने वाले समय में अयोध्या नगरी अवध क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे यूपी के विकास को ये हमारी अयोध्या दिशा देने वाली है। एक और बड़ा कदम भारत ने उठाया है, वंदे भारत और नमो भारत के बाद एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। नई ट्रेन का नाम अमृत भारत रखा गया है। इन ट्रेनों की ये त्रिशक्ति भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं। देश के सभी 140 करोड़ देशवासी, 22 जनवरी, 2024 को जब अयोध्या में प्रभु विराजमान हों तब अपने घरों में श्रीराम राम ज्योति जलाएं, दिवाली मनाएं।
 
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर हर रोज 60 हजार लोग आ-जा सकेंगे…
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी, 2024 की शाम पूरे हिन्दुस्तान में जगमग होनी चाहिए। प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में बहुत बड़ी वृद्धि होगी। इसे ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार अयोध्या में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य करा रही है, अयोध्या को स्मार्ट बना रही है। आज मुझे अयोध्या धाम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मुझे खुशी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है।  महर्षि वाल्मीकि ने हमें रामायण के माध्यम से प्रभु श्रीराम के कृतित्व से परिचित करवाया। त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर अयोध्या धाम एयरपोर्ट का नाम, इस एयरपोर्ट में आने वाले हर यात्री को धन्य करेगा। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण वो ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है। पीएम ने कहा कि अभी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की क्षमता 10-15 हजार लोगों की सेवा करने की है। स्टेशन का पूरा विकास होने के बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर हर रोज 60 हजार लोग आ-जा सकेंगे।

 

Back to top button