छत्तीसगढ़बिलासपुर

जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर टंगिया से हमला, आरोपी फरार…

बिलासपुर। जमीन विवाद की सूचना पर सुलह करने गई पुलिस पर ग्रामीण युवक ने हमला कर दिया। इससे पहले पहुंची डायल-112 की टीम को गलियां देकर भगा दिया गया था। पुलिस ने महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। टंगिया के वार से पुलिस कर्मी बुरी तरह घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिल्हा थाना क्षेत्र में मनीराम सोनवानी के घर पर जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उन्हें समझाने पहुंचीत तो मनीराम के बेटे सुनील ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौच की और उन्हें भगा दिया। इसके बाद मामले की सूचना थाने को दी गई। थोड़ी देर में ही थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस जवानों को देखते ही मनीराम की पत्नी कमला और उसके बेटे राजेश और सुनील उन्हें भी गालियां देने लगे। इस पर कॉन्स्टेबल राजकुमार पाटले ने समझाने का प्रयास किया तो सुनील ने उस पर टंगिया से हमला कर दिया। जिससे राजकुमार का सिर फट गया और खून बहने लगा।

इस पर साथी पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और अफसरों को इसकी जानकारी दी। तब तक सुनील मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मनीराम सोनवानी ने अपनी जमीन किसी को बेची है। उससे मिली रकम परिवार में बांट दी, लेकिन इसको लेकर सुनील संतुष्ट नहीं था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था।

Back to top button