फिल्म जगत

जब राजेश खन्ना ने पद्मिनी कोल्हापुरी को ऑडिशन में किया था रिजेक्ट, एक्ट्रेस को बुरी लगी थी यह बात…

नई दिल्ली। बचपन से कैमरा फेस कर रही पद्मिनी कोल्हापुरी को भारत के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना ने रिजेक्ट कर दिया था। इससे एक्ट्रेस बहुत बुरी तरह परेशान हो गई थी। पद्मिनी कोल्हापुरी ने वो सात दिन और प्रेमरोग जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी है।

लेजेंड राजकपूर की फिल्म ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में बतौर चाइल्ड एक्टर ‘रूपा’ प्ले करने वालीं एक्ट्रेस पद्मिनी जब राजेश खन्ना की एक फिल्म के लिए ऑडिशन देने गई थीं, उस वक्त उस ऑडिशन के दौरान और भी एक्टर्स लाइन से लगे हुए थे। ऐसे में राजेश खन्ना ने किसी दूसरी एक्ट्रेस को काम पर रख लिया था। ये सब पद्मिनी की आंखों के सामने हुआ था जिसे देख कर वह उस वक्त रो दी थीं। इस बारे में खुद पद्मिनी कोल्हापुरी ने बताया था।

दरअसल, उस वक्त पद्मिनी चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर ऑडिशन देने राजेश खन्ना के सामने गई थीं। एक इंटरव्यू के दौरान पद्मिनी ने बताया था कि फिल्म ‘चलता पुर्जा’ के लिए एक चाइल्ड आर्टिस्ट की जरूरत थी। जिसका चयन बॉलीवुड के सुपरस्टार राजेश खन्ना को करना था। पद्मिनी कोल्हापुरे के अलावा एक और लड़की थी जो इस फिल्म में बाल कलाकार के रूप में ऑडिशन देने आई थीं।

इस ऑडिशन के लिए पद्मिनी काफी एक्साइटेड थीं क्योंकि वह मान कर चल रही थीं कि इस फिल्म के लिए उन्हें सेलेक्ट कर लिया जाएगा और उन्हें राजेश खन्ना संग काम करने का मौका मिलेगा। लेकिन जब वह रिजेक्ट हो गईं तो उन्हें काफी धक्का लगा।

पद्मिनी ने इंटरव्यू के दौरान बताया था कि ‘उस दिन राजेश खन्ना ने मेरे बदले दूसरी लड़की को चुन लिया। आप पूछिए मत मेरे दिल पर क्या गुजरी। मेरा तो दिल ही टूट गया। हालांकि इसके बाद ऐसे कई मौके आए जब मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। मैंने ‘सौतन’ फिल्म में उनके अपोजिट लीड हिरोइन के तौर पर काम किया। जो मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी।’

उस वक्त राजेश खन्ना को लेकर कई तरह की खबरें रहती थीं, ऐसे में पद्मिनी ने राजेश खन्ना की तारीफ करते हुए कहा था कि ‘दुनिया उनके बारे में क्या कहती है मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं उनकी हमेशा से प्रशंसक रही हूं और आगे भी रहूंगी।’

Back to top button