लखनऊ/उत्तरप्रदेश

दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड में 2 और महिलाओं की मौत, मरने वालों की संख्या हुई9, 73 का चल रहा इलाज …

लखनऊ। दुर्गा पंडाल अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को 9 तक पहुंच गई। शुक्रवार को वाराणसी में इलाज करा रही 2 महिलाओं की मौत हो गई। अब भी भदोही, वाराणसी और प्रयागराज के अस्पातलों में 73 लोगों का इलाज चल रहा है। इसमें करीब एक दर्जन की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

बता दें,  दो अक्टूबर रविवार की रात करीब पौने नौ बजे दुर्गा पूजा पंडाल में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। उस दौरान सौ से अधिक लोग झुलस गए थे। जबकि भगदड़ हो जाने के कारण कई लोगों को चोट आई थी। पूजा पंडाल में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए दो सौ से अधिक लोग एकत्रित थे।

हादसे की खबर के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। जिले के 32 समेत 50 से अधिक एंबुलेंस लगाकर झुलसे व घायल लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।

डीएम गौरांग राठी ने बताया कि वाराणसी के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में शुक्रवार की सुबह 25 वर्षीय सीमा बिंद पुत्री शंकर बिंद व 40 वर्षीय मंजू देवी पत्नी सुरेश विश्वकर्मा निवासी औराई की उपचार के दौरान मौत हो गई। सीमा बिंद 85 फीसदी से अधिक व मंजू देवी 90 फ़ीसदी से अधिक झुलसी थी।

कहा कि वाराणसी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। बताया कि भदोही के तीन, वाराणसी दो और प्रयागराज के एक अस्पताल में अभी भी 73 लोगों का उपचार चल रहा है। दावा किया कि उपचार, भोजन समेत अन्य खर्चे जिला प्रशासन वहन कर रहा है। उधर, एक के बाद एक हो रही मौतों के बाद संबंधित परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Back to top button