मध्य प्रदेश

14 हजार कॉलेज स्टूडेंट्स को पिछले दो साल से छात्रवृत्ति नहीं देने के विरोध में युवक कांग्रेस ने निकाली रैली, भाजपा शासन ने डंडे बरसाकर खदेड़ दिया …

इंदौर। 14 हजार कॉलेज स्टूडेंट्स को पिछले दो साल से छात्रवृत्ति नहीं मिलने के विरोध में युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। ऐसे स्टूडेंट्स के समर्थन में शनिवार को सड़क पर उतरी युवक कांग्रेस ने स्टूडेंट्स की मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात था। पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखे थे। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स हटाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। जिसके बाद वे स्टूडेंट्स के साथ बैरिकेड्स के नजदीक ही बैठ गए। इसके कुछ देर बाद उन्होंने अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।

युवक कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सुबह 10 बजे हरसिद्धि मंदिर के पास इकट्ठा  हुए। इसके बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में यहां से कलेक्टर कार्यालय के लिए निकले। युवक कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। पुलिस ने यहां बैरिकेड्स लगा रखे थे। युवक कांग्रेस और स्टूडेंट्स की रैली कलेक्टोरेट पहुंची। यहां कार्यकर्ता कलेक्टर परिसर में जाने का प्रयास करने लगे, पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया। युवक कांग्रेस के शहर उपाध्यक्ष निखिल वर्मा बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर उसे हटाने लगे। वर्मा के साथ अन्य नेता भी बैरिकेड्स पर चढ़ने लगे तो पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

स्कॉलरशिप नहीं आने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान निखिल वर्मा ने कहा कि 2 साल से भांजे-भांजियों को स्कॉलरशिप नहीं मिल पाई है। इस वजह से स्टूडेंट्स शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। शिक्षा का मूल अधिकार छीन लिया गया है। छात्रों की आवाज सुनी नहीं जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 से 25 दिनों में छात्रवृत्ति नहीं आई, तो इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद थे। वहीं, मप्र युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव सरफराज अंसारी ने बताया कि लगातार 2 साल से छात्रवृत्तियां रोकी जा रही हैं या किस्तों में दी जा रही हैं। जब युवाओं के शिक्षा पर खर्च करने की बात आती है तो सरकार धन की कमी का बहाना बनाकर छात्रवृत्ति रोकती है। जबकि, हर महीने प्रदेश में राजनीतिक लाभ के लिए करोड़ों रुपयों का आयोजन (मेगा इवेंट) करने के लिए सरकार के पास धन की कमी नहीं होती। सरकार की नीति से प्रभावित होने वाले स्टूडेंट्स ओबीसी, एससी, एसटी और आर्थिक पिछड़ा वर्ग से हैं।

युवक कांग्रेस ने रखी ये मांगें

  • छात्रवृत्तियां तुरंत जारी की जाएं, दरों का पुनर्निर्धारण कर महंगाई के अनुसार इनको बढ़ाया भी जाए।
  • आरक्षित वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए पोर्टल पर बंद पड़ी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू की जाए।
  • संयुक्त प्रवेश प्रक्रिया सीईयूटी के कारण कॉलेज के सत्र लेट हो गए हैं। स्टूडेंट यूटीडी में प्रवेश के लिए अब भी कतार में हैं। इस बीच सरकारी निजी कॉलेजों में ऑनलाइन प्रवेश की लिंक बंद कर दी गई है। सीईयूटी के बाद यूटीडी में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए सरकारी व निजी कॉलेजों में प्रवेश की ऑनलाइन लिंक फिर से खोली जाए।
  • – प्रदेश में सरकारी भर्तियों पर अप्रत्यक्ष रूप से रोक लगा दी गई है। ओबीसी आरक्षण की आड़ में सरकार प्रवेश प्रक्रियाएं रोक रही है।
  • – व्यापमं से लेकर पटवारी, शिक्षक, पुलिस भर्ती की परीक्षाएं नहीं हो रही हैं। सरकार आरक्षण की आड़ लेकर बेरोजगारों से छल बंद कर भर्ती परीक्षाएं तुरंत शुरू करे।
  • – शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार कार्यालय के पंजीयन के आधार पर प्रतिमाह पांच हजार रुपए का बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
Back to top button