नई दिल्ली

सुप्रीम कोर्ट के सामने महिला और पुरुष ने किया आत्मदाह, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया …

नई दिल्ली। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के गेट नंबर डी के सामने सोमवार दोपहर एक महिला और पुरुष ने खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा इलाके की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के गेट नंबर डी के सामने एक महिला और पुरुष ने खुद को आग लगा ली। महिला और पुरुष की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

घटना के बाद गंभीर हालत में दोनों लोगों को नजदीक के राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उनके इस कदम के पीछे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया, पुरुष और महिला ने खुद को आग लगाने से पहले खुद पर मिट्टी का तेल डाला था।

पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) दीपक यादव ने कहा कि मौके पर तैनात पुलिस टीम ने महिला और पुरुष को बचाने के लिए उन पर कंबल डाले थे। पुलिस टीम आग पर काबू पाने में कामयाब रही और पीड़ितों को तुरंत इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच की जा रही है।

वहीं, एक अन्य मामले में दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में रविवार को दक्षिणपुरी निवासी 27 वर्षीय एक युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिणपुरी में मारपीट व फायरिंग को लेकर अंबेडकर नगर थाने में रात 10:20 बजे पीसीआर कॉल आई थी।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ करने पर पता चला कि दक्षिणपुरी निवासी गौरव नाम का एक व्यक्ति शाम को अपने दोस्त अंकित के घर गया था और वहां अज्ञात लोगों से उसका कथित तौर पर झगड़ा हो गया था। गौरव को बाद में अंबेडकर नगर के ब्लॉक-3 में एक अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Back to top button