मध्य प्रदेश

शेर हम मारते थे और श्रेय राजा-महाराजा ले लेते थे, वे तो दारू पीकर पड़े रहते थे, मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह का रीवा राजघराने पर निशाना…

रतलाम। मध्य प्रदेश के खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने अपने नाम के आगे सिंह लगाने को लेकर मंत्री ने रतलाम जिले की जावरा तहसील के ग्राम आकतवासा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राजा-महाराजा दारू पीकर पड़े रहते थे, जंगल में हमने शेर मारे, इसलिए हमारे नाम के आगे सिंह लगा है।

कार्यक्रम में मंच पर कलेक्टर, एसपी से लेकर जावरा विधायक और अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम में जब मंत्री सिंह भाषण देने के लिए मंच पर खड़े हुए तो उन्होंने अपने भाषण में सबसे पहले अपने नाम बिसाहूलाल सिंह में लगे सिंह के बारे में बताया। बिसाहूलाल सिंह ने अपने नाम के आगे लगे सिंह की व्याख्या करते हुए रीवा राजघराने को लेकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि हमारे रीवा संभाग में, जहां से नर्मदा नदी गुजरती है, वहां शेर बहुत हुआ करते थे। रीवा राजा शिकार पर जाते थे, परंतु वे शिकार तो कर नहीं पाते थे, इसलिए हमारे समाज के लोगों को हाका करने के लिए ले जाते थे। जब हमारे लोग शेर को मार देते थे तो राजा बोलते कि हमने शेर मारा।

शिकार के लिए बनाए गए मंच पर राजा लोग दारू पीकर पड़े रहते थे। हमारे लोगों को बंदूकें थमाकर कह देते थे कि शेर को मारो। जब हमारे लोग शेर मार देते तो राजा सबको बताते थे कि शेर उन्होंने खुद मारा है। हमें शेर मारने के कारण राजा ने सिंह की उपाधि दी थी।

मंत्री के इस बयान का वीडियो सोमवार को वायरल होने के बाद राजपूत समाज ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिंह के साथ मंच पर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रामखेलावन पटेल भी मौजूद थे। मालूम हो कि पूर्व में भी मंत्री बिसाहूलाल सिंह के राजपूत समाज को लेकर दिए गए बयान पर जमकर विवाद हुआ था और शासन स्तर पर बड़े मंत्रियों ने जैसे-तैसे बात संभाली थी। अब ताजा बयान को लेकर भी विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।

इस कार्यक्रम में भाजपा पिपलोदा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुडरखेड़ा भी मौजूद थे। लेकिन, इस मामले में उनका कहना है कि यह उनके निजी विचार थे, वे अपना परिचय दे रहे होंगे। जिस समय मंत्री जी भाषण दे रहे थे, उस समय मेरा ध्यान कहीं और था। यह वीडियो मैंने बाद में देखा।

Back to top button