मध्य प्रदेश

हमें भाजपा जैसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व, हम राष्ट्र पुर्ननिर्माण के लिए निकले हैं : शिवराज सिंह

राजधानी सहित प्रदेशभर में मना भाजपा का स्थापना दिवस,  प्रदेश कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का 43 वां स्थापना दिवस राजधानी सहित सभी जिलों को बूथ स्तर तक उत्साह के साथ मनाया गया। भोपाल के भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अभिभाषण सुना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी गौरवशाली यात्रा जनसंघ से शुरू हुई। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है। हम सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि हम राष्ट्र के पुर्ननिर्माण के लिए निकले हैं। हमें भाजपा का कार्यकर्ता होने पर गर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार और संगठन निरंतर आगे बढ़ रहे हैं, मप्र भी उसी राह पर चल रहा है।
समारोह के पूर्व प्रात: प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं ने कार्यालय में स्थित श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। जिसके बाद स्व. प्यारेलाल खण्डेलवाल की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पहले बीमारू राज्य हुआ करता था, हमारी अर्थव्यवस्था जीएसडीपी सबसे फिस्सडी हुआ करती थी। ताजा सर्वे में मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था देश के विकसित 10 राज्यों में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था, तब प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय मात्र 11 हजार रुपए थी जो बढकर प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 40 हजार रुपए हो गयी है। मध्यप्रदेश की कुल अर्थव्यवस्था का साइज केवल 71 हजार करोड़ हुआ करता था, जो अब बढक़र 13 लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया है। वहीं मध्यप्रदेश का देश की अर्थव्यवस्था में कभी योगदान केवल 3 प्रतिशत हुआ करता था जो आज बढक़र 4.6 प्रतिशत हुआ है। कांग्रेस के समय प्रदेश में साढ़े 7 लाख हेक्टेयर सिंचाई हुआ करती थी, जो आज 46 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है।

जनता के कल्याण के लिए जी-जान से लगी हुई सरकार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार जनता के कल्याण के लिए अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जी जान से लगी हुई है। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर लगाए और अलग-अलग योजनाओं में 83 लाख नए नाम जोड़े। उन्होने कहा कि हम उस दल के कार्यकर्ता है जहां राष्ट्र प्रथम, फिर दल और अन्त में स्वयं को रखते हैं। हम सब मिलकर राष्ट्र के पुर्ननिर्माण में योगदान देते हुए मध्यप्रदेश को आगे बढ़ायें।

सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को संगठन से जोड़ें कार्यकर्ता – विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश के 64 हजार 100 बूथों पर पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम हो रहे है। इस संगठन को सींचने में हमारे प्रेरणापुरुषों ने अपना सबकुछ समर्पित कर दिया। हमारे इन पितृपुरुषों के पदचिन्हों का अनुसरण करते हुए भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन कार्यों में डिजिटलीकरण और युवाओं को पार्टी से जोडऩे की बात कही है। हमारे बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम से प्रदेश में 90 प्रतिशत से अधिक बूथ डिजिटल हो चुके हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा, युवा चौपाल लगाकर 18 वर्ष के युवाओं को पार्टी से जोडऩे के लिए अभियान चला रहा रहा है।

Back to top button