मध्य प्रदेश

टिकट मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों में खुशी की लहर, विधानसभा चुनाव में किया जीत का दावा, जानिए किसने क्या कहा…

इंदौर। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें 144 नामों का ऐलान किया गया है। टिकट मिलने के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। वही प्रत्याशी बनाए जाने के बाद नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। आइए जानते हैं किस नेता ने प्रतिक्रिया दी है। पढ़िए पूरी खबर….

आम जनता को भटका रही है बीजेपी

तेंदूखेड़ा। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपनी पहली 144 उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा से संजय शर्मा को भी प्रत्याशी बनाया गया है। वर्तमान विधायक संजय शर्मा ने टिकट मिलने पर कहा- एमपी लोगों को पता है कि उन्होंने (भाजपा) ने 2 महीने पहले लाड़ली बहना और सिलेंडर के दाम कम कर आम जनता को भटका रहे हैं। कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी। महिलाओं के सम्मान में 1500 रुपए मिलेंगे। हर परिवार को 500 रुपए में सिलेंडर मिलेगा।  पहली से आठवीं तक पढ़ने वाले बच्चों को 500 रुपए और 10वीं कक्षा वालों को 1000 और 11वीं और 12वीं कक्षा वालों को 1500 रुपए मिलेंगे। बीजेपी की सरकार जा रही है। कांग्रेस सरकार आ रही है। बता दें, भाजपा ने तेंदूखेड़ा विधानसभा से अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

इस बार चुनाव जनता VS नरोत्तम मिश्रा होगा

दतिया। कांग्रेस ने दतिया से अवधेश नायक को टिकट दिया है जिसके बाद उन्होंने आला कमान का आभार जताया। टिकट की घोषणा होते ही प्रत्याशी अवधेश नायक पीताम्बरा पीठ पहुंचे। जहां उन्होंने मां  बगलामुखी देवी के दर्शन  किए। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव जनता वर्सिस नरोत्तम मिश्रा होगा। भाजपा और कांग्रेस के साथ सभी लोग हमारे साथ हैं। कोई लड़ाई कठिन नहीं है। दातिया का  जो भी व्यक्ति है मेरा है। इस टिकट से भाजपा वाले भी खुश हैं और कांग्रेस वाले भी। इस दौरान अवधेश नायक अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे।

टिकट सब मांगते हैं मिलता एक को है

अशोकनगर। कांग्रेस ने आज जारी लिस्ट में अशोकनगर जिले की तीनों विधानसभा में प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अशोकनगर विधानसभा से हरिबाबू राय, चंदेरी से गोपाल सिंह चौहान और मुंगावली से यादवेंद्र सिंह यादव को टिकट मिला है। कांग्रेस प्रत्याशी हरिबाबू राय ने नगर के विख्यात राजराजेश्वर महादेव मंदिर और दरगाह पहुंचकर माथा टेककर जीत की कामना  की। उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकट को लेकर कोई नाराजगी नहीं है। टिकट सब मांगते हैं एक को मिलता है। हम सब एक हैं।

भाजपा से प्रत्याशी कोई भी हो उसकी हार निश्चित है

राजगढ़। राजगढ़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बापू सिंह तंवर ने बातचीत करते हुए कहा कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीत होगी। उन्होंने कहा,  2018 में बीजेपी के प्रत्याशी को 31000 वोटो से हराया था इस बार 50000 वोटों से जीत दर्ज करुंगा। भाजपा से कोई भी प्रत्याशी हो भाजपा की हार निश्चित है। सर्वे में मेरा रिपोर्ट कार्ड जनता ने अच्छा दिया इसलिए पार्टी ने फिर से एक बार मुझ पर विश्वास जताया है।

कांग्रेस ने राजगढ़ जिले की पांच विधानसभा सीटों में से दो विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। खिलचीपुर से फिर से प्रियव्रत सिंह तो राजगढ़ से कांग्रेस ने एक बार फिर कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर पर विश्वास जताया है। 2018 में कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर ने भाजपा के प्रत्याशी अमर सिंह यादव को लगभग 31000 वोटों से हराया था।

चौथी बार आमने-सामने होंगे हजारीलाल दांगी और प्रियव्रत सिंह खींची

राजगढ़। जिले की सबसे हॉट सीट पर एक बार फिर कांग्रेस ने कमलनाथ सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे प्रियव्रत सिंह खींची पर भरोसा  जताया है। प्रियव्रत सिंह खिची ने कहा कि हजारीलाल दांगी उनके लिए चुनौती नहीं है। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहते जो विकास क्षेत्र में किए गए उन्हीं को लेकर जनता के बीच जाएंगे। बता दे की खिलचीपुर से भाजपा ने हजारीलाल दांगी को मैदान में उतारा है। चौथी बार हजारीलाल दांगी और प्रियव्रत सिंह खींची आमने-सामने होंगे।

जनता हमें आशीर्वाद देगी

विदिशा। आज जारी हुई कांग्रेस की पहली सूची में विदिशा जिले की शमशाबाद विधानसभा से कांग्रेस ने सिंधु विक्रम सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सिंधु विक्रम सिंह पूर्व में  शमशाबाद मंडी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस मौके पर उन्होंने बताया कि इस बार भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा रहने वाला है। हम जनता के बीच जाएंगे और हमें जनता जरूर आशीर्वाद देगी।

देपालपुर से होगा शंखनाद

देपालपुर। कांग्रेस की 144 प्रत्याशियों की सूची में देपालपुर से वर्तमान विधायक विशाल पटेल का भी नाम शामिल है। लिस्ट जारी होते ही देपालपुर विधायक विशाल पटेल सबसे पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। साथ ही देपालपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध 24 अवतार मंदिर भी पहुंचे और गुरु गादि पर माथा टेक आशीर्वाद लिया। मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व में भी जनता ने उन पर विश्वास जताया था और उन्हें जिताया था। इस बार भी जनता जनार्दन उन्हें आशीर्वाद देगी और वह भोपाल पहुंचेंगे। देपालपुर से शंखनाद होगा और कांग्रेस सरकार बनाएगी।

2020 में सरकार गिरने के बाद पार्टी के साथ खड़े विधायकों को मिला टिकट

खजुराहो। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने राजनगर विधानसभा से   4 बार के विधायक कु. विक्रम सिंह नाती राजा पर एक बार फिर कांग्रेस ने विश्वास जताया है।  वहीं प्रत्याशी ने भी 5वीं बार जीत का दावा करते हुए शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया है। और खुद को पार्टी का ऋणी बताकर छतरपुर विधानसभा की सभी 6 सीटों पर कांग्रेस की विजयी की बात भी कही है। उन्होंने कहा, 2020 में कांग्रेस की सरकार गिरने पर उस समय जितने भी विधायक कांग्रेस के साथ खड़े रहे पार्टी ने अधिकांशतः उन सभी को टिकट दिया है। राजनगर विधानसभा में इस बार पंचकोणीय चुनाव जैसी स्थिति है। और मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि  मैं पांचवी बार चुनाव जीतूंगा।

एमपी में कांग्रेस की सरकार बनाने का जनता ने मूड बना लिया

मांधाता। कांग्रेस ने खंडवा जिले की मांधाता विधानसभा से उत्तम पाल सिंह पुरनी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दे कि, साल 2020 में हुए उपचुनाव में उन्हें  हार का सामना करना पड़ा था। टिकट मिलने के बाद उनके घर पर बधाई देने वाले लोगों का जमावड़ा लग गया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने  कहा कि मुझ पर विश्वास जताने के लिए कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी का आभार। अब विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और चुनाव लड़ेंगे। इस बार जनता ने मूड बना लिया है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

 

Back to top button