देश

2030 तक देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 200 तक पहुंच जाएगी : ज्योतिरादित्य

प्रधानमंत्री 30 को रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

रांची
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 30 दिसंबर को रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। रेल मंत्रालय जनवरी में ट्रेन का परिचालन शुरू करेगा।

रेलवे ने ट्रेन की समय सारणी जारी कर दी है, जिसके मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस से बनारस से रांची तक का सफर सिर्फ छह घंटा 20 मिनट में पूरा होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

यह ट्रेन लोहरदगा टोरी होकर चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से ही रांची से तीन वंदे भारत ट्रेन हो जाएंगी। फिलहाल एक ट्रेन रांची से पटना और दूसरी रांची से हावड़ा के बीच चल रही है। इसके अलावा पटना से हावड़ा और हावड़ा से पुरी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी झारखंड से होकर गुजरती है।

छह घंटे 20 मिनट में बनारस से रांची का सफर

वर्तमान में रांची और बनारस के बीच चार ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग रूटों से हो रहा है, जिसमें 11 घंटे का समय लगता है लेकिन वंदे भारत ट्रेन छह घंटा 20 मिनट का समय लेगी। बनारस-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस से सुबह 5:50 बजे खुलेगी, जो दोपहर 12:10 बजे रांची पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 01:30 बजे रांची से रवाना होगी और शाम 07:50 बजे बनारस पहुंचेगी।

1390 से 2600 तक किराया

रांची-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में एसी चेयरकार का किराया 1390-1400 और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2545 से 2600 रुपये हो सकता है। हालांकि, इस ट्रेन की टाइमिंग और किराया पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

उल्लेखनीय है झारखंड में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस रांची से पटना के बीच शुरू हुई। रांची से हावड़ा के बीच दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस इस साल सितंबर में शुरू हुई। ट्रेन को पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। ट्रेन का परिचालन शनिवार को छोड़कर किया जाता है।

2030 तक देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 200 तक पहुंच जाएगी : ज्योतिरादित्य

नई दिल्ली
 उत्तर प्रदेश राज्य में केवल 6 हवाई अड्डे थे और अब 9 हैं। 10वें हवाई अड्डे का उद्घाटन आज  शनिवार को होगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अगले 10 साल के लक्ष्य पर नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह बात कही।

सिंधिया ने कहा कि हमने देश में 75 नए हवाई अड्डे बनाए हैं। पिछले 9 वर्षों में कुल संख्या 149 हो गई है और 2030 तक देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 200 तक पहुंच जाएगी।

सिंधिया ने कहा कि अगले साल तक उत्तर प्रदेश में 9 और हवाई अड्डे हो जाएंगे। इसके साथ ही यह संख्या 19 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद पांच हवाई अड्डों, आज़मगढ़, अलीगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती और चित्रकूट में एक-एक का एक साथ उद्घाटन किया जाएगा।

केंद्र ने लद्दाख में 1170 करोड़ की 29 सड़क परियोजनाओं को दी मंजूरी

नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में राज्य राजमार्ग, प्रमुख एवं अन्य जिला सड़कों सहित 29 सड़क परियोजनाओं के लिए 1170.16 करोड़ रुपये के आवंटन को मंजूरी दी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इसके अतिरिक्त वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सीआरआईएफ योजना के तहत 8 पुलों के लिए 181.71 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सबसे कम आबादी वाला एवं क्षेत्रफल के हिसाब से देश का सबसे बड़ा केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख अनुमोदित पहलों के माध्यम से अपने दूरदराज के गांवों तक बेहतर कनेक्टिविटी का गवाह बनेगा। इस वृद्धि से विशेष रूप से कृषि और पर्यटन में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जो लद्दाख के समग्र ढांचागत विकास में योगदान देगा।

 

 

 

Back to top button