मध्य प्रदेश

बीजेपी के स्थापना दिवस पर आज प्रदेश भर में लगेंगी युवा चौपालें, मतदाताओं से होगा संपर्क

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गु़रुवार, 6 अप्रैल को भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के 1070 मंडलों में युवा चौपालें आयोजित करेगा। मोर्चा युवा चौपालों के माध्यम से ’युवा नव-मतदाता संपर्क अभियान’ की शुरुआत करेगा। यह अभियान 20 अप्रैल तक प्रदेश में निरंतर जारी रहेगा। युवा चौपालों में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री शामिल होंगे।

प्रदेश भर में आयोजित युवा चौपालों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर, पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश धार, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भोपाल ग्रामीण के बैरसिया, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद नरेला विधानसभा एवं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार रायसेन में शामिल होकर युवाओं को मार्गदर्शन देंगे। इसी प्रकार पार्टी एवं मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि प्रदेश के अलग अगल स्थानों पर आयोजित चौपालों में सम्मिलित होगें।

युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर 1070 मंडलों में आयोजित युवा चौपाल युवा मोर्चा की अभिनव पहल है, जिससे युवा नव-मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा। इन चौपालों में भाजपा सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और युवा नीति पर युवाओं से संवाद किया जाएगा। पंवार ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत और शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में 20 अप्रैल तक युवा चौपालें आयोजित की जाएंगी। युवा चौपालों के बाद युवा संकल्प यात्रा, युवा संभागीय सम्मेलन और युवा महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन युवा मोर्चा द्वारा किए जाएंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। शर्मा ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी बूथों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। प्रदेश एवं जिला कार्यालयों पर विशेष सजावट की जाएगी। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सम्बोधन को सुनेंगे। इसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित बूथ के कार्यकर्ता पार्टी के लिए दीवार लेखन करेंगे। पार्टी के स्थापना दिवस पर युवा मोर्चा प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के पंचायत और शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में युवा चौपाल कार्यक्रम आयोजित एक ही दिन, एक साथ प्रारंभ करेगा।

Back to top button