मध्य प्रदेश

अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन दोस्तों की हुई मौत, एक गंभीर रूप से घायल…

सागर। शुक्रवार को देर रात सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। वाहन के टक्कर से कार के परखचे उड़ गए। कार में सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना के अनुसार पुष्पेंद्र राजपूत (30), सूरज गोरखा (29), अभिनव तिवारी (30) सभी निवासी मकरोनिया और कुलदीप यादव (35) निवासी भैंस शुक्रवार रात कार (एमपी 15 सीबी 2230) में सवार होकर दमोह से सागर की ओर आ रहे थे। कार कुलदीप चला रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर बहेरिया थाना क्षेत्र में स्थित कार शोरूम के सामने अज्ञात भारी वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। दुर्घटना में पुष्पेंद्र राजपूत, सूरज और अभिनव की मौके पर ही मौत हो गई। कुलदीप गंभीर घायल हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।

एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि देर रात कार दुर्घटना में 3 युवकों की मौत हुई है। एक घायल है। दमोह की ओर से कार सागर की तरफ आ रही थी। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।

Back to top button