मध्य प्रदेश

रीवा के दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौट रही महिला के साथ 6 हैवानों ने किया गैंगरेप, वीडियो भी बनाया …

रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हनुमना थाना क्षेत्र से झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नवमी की दुर्गा आरती में शामिल होकर घर अकेले लौट रही विवाहित युवती को दो नाबालिग सहित 6 आरोपियों ने रोककर उसके साथ दुष्कृत्य किया. हैवानों ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया. हैवानों की वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी से डरी-सहमी युवती ने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया.  दो दिन बाद हिम्मत जुटाकर वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार 19 साल की युवती अपने मायके आई हुई थी। दुर्गोत्सव के चलते नवमी की रात वह दुर्गा पंडाल में माता के दर्शन करने गई थी। रात करीब 11 बजे वह घर लौट रही थी। रास्ते में दूसरी ओर से पास के गांव जड़कुड़ के दो नाबालिग और 4 युवक सीताराम पटेल (20), विमलेश पटेल (18), सिरताज अली (18) और राजबहादुर यादव (21) आ रहे थे। उन्होंने युवती को अकेला देख रोक लिया।  और छेड़छाड़ करने लगे। इसके बाद झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। वारदात के बारे में बताने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने युवती को छोड़ दिया। डरी सहमी युवती घर आ गई।

दो दिन तक युवती ने डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद आरोपियों ने युवती के भाई को छेड़छाड़ का वीडियो भेज दिया। वीडियो देख भाई के होश उड़ गए। उसने बहन से पूछा तो वह डर के मारे कुछ बता नहीं सकी। भाई पूरी बात समझ गया। वह बहन को लेकर पुलिस थाने पहुंचा। यहां पुलिस ने पहले छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो देखा। इसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। पुलिस समझ गई कि युवती के साथ गलत हुआ है। पीड़िता को थाने बुलाया गया। वहां महिला सब इंस्पेक्टर ने युवती से पूछताछ की। यहां डरी-सहमी युवती कुछ नहीं बोली। समझाइश के बाद युवती ने आपबीती बता दी। इसके बाद पुलिस के आला अफसरों ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल की टीम भी वहां पहुंची। बुधवार को ही सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के दूसरे दिन यानी गुरुवार को प्रशासन ने राजस्व विभाग को बुलाया और आरोपियों के घर की नपती करवाई गई। इसमें अवैध निर्माण पाए जाने पर दोपहर में सभी आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ढहा दिया गया।

Back to top button