मध्य प्रदेश

केंद्र की मोदी सरकार ने 9 सालों में हमारी गुलामों वाली मानसिकता को बदला

बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी ने पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार को सराहा

भोपाल। मोदी सरकार द्वारा बीते 9 सालों में किए गए कामों से देश की सोच में अंतर आया है। हमारे दिमाग से वह गुलामी वाली सोच हट गई है, जिसे पूर्व की सरकारों ने बनाए रखा था।

प्रधानमंत्री मोदी के ’ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ जैसे मंत्रों और राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किए जाने जैसे निर्णयों ने पूरे देश में एक सकारात्मक सोच का संचार किया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे ने विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत बालाघाट के भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश के सांसद डॉ. भोला सिंह भी उपस्थित रहे।

मोदी की ओर आशा भरी नजरों से देख रही सारी दुनिया

पंकजा मुंडे ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्ष गरीब कल्याण, सुशासन एवं सेवा को समर्पित रहे हैं। ये  9 वर्ष वास्तव में भारत के नवनिर्माण के रहे हैं। इन 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने और एक महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। पूरा विश्व आज हमें आशा भरी नजरों से देख रहा है। उन्होंने कहा कि वास्तव में मोदी से केवल को ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को अपेक्षाएं है। जिन्हें मोदी अपने विचारों से, कार्यशैली से एवं कार्यों को पूर्णता तक पहुंचाने की क्षमता से साबित भी कर दिया है।

मोदी ने देश को दी नई कार्य संस्कृति

मुंडे ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार संसद भवन में प्रवेश किया था, तो उन्होंने संसद के मुख्य गेट पर दंडवत प्रणाम किया था। उस समय उनकी आंखें भी नम थीं। उन्होंने उस दिन खुद को देश का प्रधान ना मानते हुए स्वयं के प्रधान सेवक होने का उद्घोष किया था। जो उनकी चलाई जाने वाली जनकल्याण की हर नीति में दिखाई देता है। वे भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो किसी निर्माण का भूमि पूजन करते हैं तो उद्घाटन भी। उनके द्वारा चलाई जा रही हर योजना की समीक्षा के लिए एक वार रूम सक्रिय रहता है। यह वार रूम योजनाओं की समयबद्ध समीक्षा करता है एवं धरातल पर उन्हें मूर्त रूप देने का कार्य करता है। समय से काम को पूरा करने की इस कार्य संस्कृति का असर पूरे देश में दिखाई देने लगा है।

Back to top button