मध्य प्रदेश

कार्यकर्ता विपक्ष के झूठ और भ्रम की राजनीति को जनता के सामने बेनकाब करें : जामवाल

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने शहडोल के जैतपुर और जयसिंहनगर की चुनाव संचालन समिति की बैठक ली

भोपाल। देश एवं प्रदेश में विपक्ष झूठ और भ्रम की राजनीति कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश में है, लेकिन देश और प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता विपक्ष के हर झूठ और भ्रम को बेनकाब करे। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पाना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। हमें आगामी चुनाव की तैयारियों में जुट जाना है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता विशेष जनसंपर्क अभियान में जुटें। अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर संपर्क करें और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाएं हर घर में पहुंचाएं। यह बात भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को शहडोल जिले में जैतपुऱ और जयसिंहनगर विधानसभाओं की चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के बीते 9 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे है। देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और नीतियों से गरीबों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास के संकल्प लेकर हर क्षेत्र, हर समाज, हर वर्ग के लिए भरपूर कार्य कर रही है। हमें केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर लाभ दिलाना और हितग्राहियों को पार्टी से जोडऩे का काम करना है।

22 करणीय कामों पर ध्यान दें

उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में इस तरह की रचना हुई है, जिसमें संगठन के मापदंडों के अनुरूप विधानसभा में इस तरह की टोली का गठन किया गया है, जो टोली विधानसभा से लेकर लोकसभा चुनाव तक काम करेगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। प्रत्येक कार्यकर्ता के पास कोई न कोई जिम्मेदारी हो यह सुनिश्चित करना है। शक्ति केन्द्र व बूथ सशक्तीकरण के तहत बूथ कार्यकारिणी का सत्यापन, 22 करणीय कार्य और बूथ की बैठकें आयोजित करना है। शक्ति केंद्र एवं बूथ की टोली के साथ निरंतर बैठक करनी है, बूथ की सूची का सत्यापन करने के साथ ही बूथ समिति का सामाजिक समीकरण भी ठीक करना है।

Back to top button