छत्तीसगढ़बिलासपुर

अनियंत्रित हाईवा से टकराकर पहिए के नीचे दब गया अधेड़, जैक लगाकर निकालना पड़ा शव, स्कूटी चकनाचूर …

बिलासपुर । तेज रफ्तार हाईवा ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दिया, जिससे अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। हादसे में हाईवा के नीचे एक्टिवा आ गई। वहीं अधेड़ पहिए के नीचे दब गया। घटना के बाद चालक हाईवा छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव निकालने के लिए पहिया उठाने जैक लगाना पड़ा। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार देर शाम शिवरीनारायण तरफ से हाईवा क्रमांक CG 10 C 4448 का चालक रेत भरकर बिलासपुर तरफ जा रहा था। वहीं, एक्टिवा क्र. CG 10 AQ 8155 में जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र के सोनसरी निवासी भोला राठौर (50) बिलासपुर से मस्तूरी होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। अभी वे मस्तूरी के किरारी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी एक्टिवा को ठोकर मार दिया। इस हादसे में एक्टिवा हाईवा के नीचे आकर फंस गई। जबकि, भोलाराम पहिए के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद आरोपी चालक हाईवा छोड़कर भाग गया। उस समय वाहन के पहिए में शव दबा हुआ था। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने पुलिस के डायल 112 को जानकारी दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिसकर्मियों ने हाईवा के सामने पहिए के नीचे दबे शव को निकालने के लिए जैक लगाया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से शव को निकाला गया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजन को भी इस घटना की जानकारी दी गई। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Back to top button