मध्य प्रदेश

दिग्विजय सहित पूरी कांग्रेस और पाकिस्तान की भाषा एक : मुरलीधर राव

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने दमोह जिले में विभिन्न कार्यक्रमों को किया संबोधित

भोपाल। कश्मीर, बंगाल, गोवा और असम में घुसपैठ के खिलाफ लड़ाई भारतीय जनता पार्टी लड़ती है और सत्ता में कॉंग्रेस आना चाहती है। हमने कमलनाथ और दिग्विजय जैसे नेताओं को संघर्ष करते और लाठी खाते व धरना करते कभी नहीं देखा। पूरे देश में भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी एवं मध्यप्रदेश में भाजपा को हटाने का लक्ष्य लेकर चलने वाला मुख्य दल, कांग्रेस है। कांग्रेस ने देश में मुश्किल से एक भारत जोडो यात्रा निकाली और यात्रा में भारत तोडने वाले एवं देश विरोधी तत्वों को जोडने का काम किया। भाजपा से घबराकर कांग्रेस और दिग्विजय सहित पाकिस्तान भी वही भाषा बोलता है। आखिर कांग्रेस और पाकिस्तान की भाषा एक क्यों है। यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने मंगलवार को दमोह के उत्सव विलास होटल में दमोह विधानसभा के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सागर संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश चतुर्वेदी, जिला प्रभारी डॉ. अभिलाष पाण्डे एवं जिला अध्यक्ष प्रीतम लोधी ने भी सम्बोधित किया।

पार्टी के विराट स्वरूप में बूथ के कार्यकर्ता की अहम भूमिका

प्रदेश प्रभारी राव ने जिला पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि बूथ हमारी सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। पार्टी के इस विराट स्वरूप के लिए बूथ के कार्यकता की भूमिका अहम है। त्रिदेव बूथ के वह तीन कार्यकर्ता हैं, जो भारतीय जनता पार्टी की रीढ हैं। कार्यकर्ता के बल पर निरंतर भाजपा को जीतना है। मध्यप्रदेश भाजपा का एक मजबूत खंबा है। अबकी बार 200 पार के लक्ष्य के साथ दमोह में विजय का शंख बजाकर कॉंग्रेस के मनोबल को तोडऩा है। बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत हमें अपने बूथ को मजबूत तो करना ही है, साथ ही हमें यह ध्यान रखना है कि अपने बूथ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफलतम 9 वर्षो में किये गये कार्यां और मुख्यमंत्री चौहान सरकार की जनहितैषी योजनाओं के लाभ से जो लोग वंचित है, उन पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाकर हितग्राहियों को पार्टी से जोडने का काम करना है।

जिला कौर ग्रुप और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

राव मंगलवार को दमोह जिले के प्रवास पर थे। उन्होंने इस दौरान दमोह के बड़ी देवि मंदिर में पूजन-अर्चन कर संतजनों से भेंट की। उन्होंने जिला कौर ग्रुप एवं पार्टी के जिला पदाधिकारियों की बैठक को भी सम्बोधित किया। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकताओं से मुलाकात करने के बाद दमोह के उत्सव विलास होटल में दमोह विधानसभा के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित किया। राव ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री महेन्द्र राठौर के निवास पर भोजन कर परिवारजनों से भेंट की।

भारत में मुस्लिमों को कोई खतरा नहीं, खतरा कांग्रेस से

राव ने कहा कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं है। कमलनाथ और दिग्विजय इस जीवन में भाजपा को हराने का ख्याल दिमाग से निकाल दें। कॉंग्रेस और दिग्विजय सिंह को भाजपा को हराने के लिए भारत को बदनाम करने से बाज आना चाहिए। जब तक कॉंग्रेस भारत के खिलाफ बोलती रहेगी, भाजपा निरंतर आगे बढती रहेगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों की आबादी बढने के बाद भी मुस्लिम खतरे में कैसे हैं। जब तक भारत है, तब तक मुस्लिम को कोई खतरा नहीं, खतरा कांग्रेस से है। कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में तमाम रोड़े लगाने का काम किया। धारा-370 हटाने पर इनको पाकिस्तान की फ्रिक ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि हमें भारत का विकास करना है और भारत का विरोध करने वाली कॉंग्रेस का वजूद खत्म करना हमारा लक्ष्य है। उत्तर और दक्षिण में सडक़ों का स्वर्ग भाजपा ने बनाया, आज मध्यप्रदेश में 44 लाख लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हैं।

Back to top button