मध्य प्रदेश

प्रदेश के लिये ऐतिहासिक होगा ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण, प्रदेश के सभी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर मनाया जाएगा दीपोत्सव …

भोपाल। 11 अक्टूबर का दिन मध्यप्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस दिन प्राचीन काल-गणना नगरी उज्जयनी सहित प्रदेश के सभी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। यह अवसर होगा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महाकाल की नगरी उज्जैन में नव-निर्मित ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण। शिव लीलाओं की अदभुत छटा के साथ विकसित किया गया ‘महाकाल लोक’ न केवल प्रदेशवासियों वरन पूरे भारत के श्रद्धालुओं के लिये आकर्षण का केन्द्र बनेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विशेष रूचि ने उज्जैन नगरी को श्रद्धालुओं के लिये ऐसा विकसित कर दिया है कि पर्यटक एवं श्रद्धालु स्वयं ही खिंचे चले आयेंगे। यहाँ पौराणिक कथाओं पर केन्द्रित शिव लीलाओं के साथ ऐसी अधो-संरचनाएँ निर्मित की गई हैं, जिन्हें देख कर लोगों को पृथ्वी पर शिव लोक के दर्शन होंगे। ‘महाकाल लोक’ के लोकार्पण समारोह को सुखद और आनंदित बनाने के लिये सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण अद्भुत समारोह होगा, इसमें जन-जन को जोड़ने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं।

पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री चौहान स्वयं प्रदेशवासियों को विभिन्न संचार माध्यमों से समारोह में आमंत्रित कर रहे हैं। साथ ही उनके द्वारा यह आहवान भी किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी मंदिरों में 11 अक्टूबर को दीप जलाकर भजन-कीर्तन किये जाये। यहाँ उज्जैन के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण करने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासी समारोह का आनंद उठाकर साक्षी बन सकें। मुख्यमंत्री चौहान का मानना है कि समारोह जरूर उज्जैन में हो रहा है, लेकिन इसकी छटा पूरे प्रदेश में बिखरे और दिखे। मुख्यमंत्री की इस मंशा को पूरा करने सभी जिलों में स्थानीय प्रशासन द्वारा जन-भागीदारी से लोकार्पण समारोह की तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रदेश के देव स्थानों में दीपमालाएँ जला कर रोशनी की जाएगी। सभी जिलों के बड़े शिव मंदिरों में 10 एवं 11 अक्टूबर को 2 दिन अभिषेक-पूजन आदि होंगे और मंदिरों में रोशनी की जायेगी।

‘महाकाल लोक’ की अवधारणा वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मन में आई थी। इस पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, संतों और विषय-विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श कर योजना तैयार की गई थी, जिस पर गंभीरता से अमल करते हुए योजना का प्रथम चरण पूर्ण किया जा चुका है। “‘महाकाल लोक’” के लोकार्पण के अलावा प्रधानमंत्री मोदी उज्जैन में एक विशाल धर्म सभा को भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महाकाल लोक के लोकार्पण समारोह से प्रदेश ही नहीं पूरे देश की भावना और आस्था जुड़ी है। लोकार्पण दिव्य, आलौकिक और अनुपम स्वरूप में हो। संपूर्ण देश में कार्यक्रम की चर्चा है। उज्जैन नगरी की अद्भुत छठा अविस्मरणीय बन सके, इस उद्देश्य से स्वच्छता और साज-सज्जा की गतिविधियाँ संचालित की जाएँ।

सीएम महाकाल लोक के लोकार्पण की तैयारियों संबंधी निवास कार्यालय पर बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र सिंह, प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला सहित संभागायुक्त उज्जैन तथा अन्य अधिकारी उज्जैन से वर्चुअली सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि महाकाल लोक के लोकार्पण अवसर पर उज्जैन पधार रहे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। वर्षा की संभावना को देखते हुए वॉटर प्रूफ टेंट की व्यवस्था की जाए। उज्जैन में अन्य स्थानों से पधार रहे श्रद्धालुओं की बसों की पार्किंग व्यवस्था ऐसी हो, जिससे उन्हें अधिक पैदल नहीं चलना पड़े। आयोजन से जुड़े सभी अधिकारी और एजेंसियों में परस्पर समन्वय और स्पष्ट संवाद हो। बैठक में मुख्यमंत्री ने तैयारियों के संबंध में बिन्दु बार जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए।

Back to top button