मध्य प्रदेश

ऑस्ट्रेलिया से जबलपुर आई महिला का पति भी निकला कोरोना पॉजिटिव

पति-पत्नी को किया गया होम आइसोलेट, पूरे परिवार के सेंपल भी जांच के लिए भेजे

भोपाल। मध्यप्रदेश के जबलपुर में ऑस्ट्रेलिया से आई 38 वर्षीय महिला के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद उसके संपर्क में आने वालों की जांच की गई। इसमें महिला के 40 वर्षीय पति की भी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन पति-पत्नी के संक्रमित होने के पर जबलपुर में एक्टिव केस की संख्या दो हो चुकी है। दोनों को होम आइसोलेट कर उनका इलाज किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार महिला ऑस्ट्रेलिया में आर्किटेक्ट का काम करती है। 22 दिसंबर को अपने दो बच्चों के साथ वह ऑस्ट्रेलिया से मुंबई आई थी। इसके बाद मुंबई से जबलपुर पहुंची। गुरुवार को सर्दी-खांसी होने पर उसने पति के साथ जाकर कोरोना टेस्ट कराया। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला को घर में आइसोलेट कर दिया। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके संपर्क में आने वालों की जांच की गई। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में महिला के पति को भी पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद पति को भी होम आइसोलेट कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने महिला के साथ ऑस्ट्रेलिया से आए दोनों बच्चों के भी कोविड टेस्ट के लिए सैंपल वायरोलॉजी लैब भेजे हैं। इसके अलावा जबलपुर में रह रहे महिला के माता-पिता के भी सेंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग इस परिवार की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री भी तलाशने की कोशिश कर रहा है। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले अमेरिका से आई एक महिला भी कोरोना संक्रमित निकली थी। लेकिन, वह ठीक होकर वापस अमेरिका लौट चुकी है।

Back to top button