मध्य प्रदेश

अजब-गजब: मुर्गे से परेशान इंदौर के जाने माने कैंसर विशेषज्ञ ने पड़ौसी के खिलाफ कराई एफआईआर

इंदौर। शहर की पलासिया पुलिस के पास एक शख्स अपनी शिकायत लेकर पहुंचे, पुलिस को जब उन्होंने अपना परिचय देकर अपनी समस्या बताई तो उनकी समस्या सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। शिकायतकर्ता कोई आम नागरिक नहीं बल्कि, शहर के जाने-माने डॉक्टर और केंसर विशेषज्ञ हैं। दरअसल, उनकी शिकायत ये है कि वो अपने पड़ौसी के मुर्गे से परेशान हैं और अपने व्यस्तता भरे जीवन में डॉक्टर अक्सर रात दिन मरीजों की सेवा में रहते हैं। देर रात घर पहुंचते हैं और अलसुबह आराम करते हैं। उनकी नींद भी पूरी नहीं हो पाती। क्योंकि, पड़ौसी मुर्गा बांग देना शुरू कर देता है, इससे उनकी नींद में खलल होता है।

ग्रेटर कैलाश हॉस्पिटल के पास सिल्वर एनक्लेव निवासी डॉ. आलोक मोदी ने पलासिया थाना पुलिस से शिकायत की है। शिकायत में उल्लेख है कि उनके घर के पड़ोस में रहने वाली वंदना विजयन परिवार ने मुर्गे और 4 कुत्ते पाल रखे हैं। अक्सर सुबह के वक़्त मुर्गे की बांग से उनकी नींद खुल जाती है, और दिन के वक़्त कुत्तों के भोंकने से उन्हें काम करने में तकलीफ आती है। ऐसा नहीं है कि डॉ. मोदी ने पड़ोसी से बात नहीं की है, पर हर बार विवाद ही हुआ है, समाधान नहीं निकला। डॉ. मोदी ने तो मुर्गों को पिंजरे में ढंककर रखने की सलाह भी दी, लेकिन रास्ता नहीं निकला। आखिरकार उन्होंने पुलिस की शरण ली।

पुलिस ने धारा 138 के तहत केस दर्ज किया

डॉ. मोदी की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने वंदना विजयन के खिलाफ धारा 138 के तहत केस दर्ज किया है। पड़ौसी परिवार को पुलिस द्वारा समझाइश भी दी गई। पलासिया पुलिस थाने के टीआई संजय बैस ने कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button