लखनऊ/उत्तरप्रदेश

गोकुल से वृंदावन तक यमुना नदी पर चलेगी स्टीमर, स्टीमर से घूम-घूमकर ले सकेंगे कान्हा की लीलाओं का आनंद ..

मथुरा। अयोध्या के बाद कान्हा की नगर मथुरा का कायाकल्प होने जा रहा है। योगी सरकार मथुरा-वृंदावन को हाईटेक बनाकर दुनियाभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने जा रही है। इसी कड़ी में अब गोकुल से वृंदावन तक का सफर सैलानी यमुना नदी पर स्टीमर के जरिए कर सकेंगे। भक्ति की भक्ति और रोमांच का रोमांच। सरकार की इस नई योजना पर नई दिल्ली ने भी मुहर लगा दी है। शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और सीएम योगी आदित्यनाथ के बीच बैठक में इसपर फैसला हुआ। अब जल्द ही इसको लेकर काम शुरू भी हो जाएगा।

सीएम के साथ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के साथ बैठक में मथुरा-वृंदावन के कायाकल्प को लेकर रोडमैप तैयार किया गया। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने सरकार के सामने ये प्रस्ताव रखा था कि यमुना नदी पर स्मीटर के जरिए श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जाएं।

वृंदावन से गोकुल की दूरी करीब 14 किलोमीटर है जिसे स्टीमर के जरिए तय करने पर सहमति बनी है। इस रूट पर कई स्टॉपेज होंगे जिसका खाका तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 40 करोड़ की लागत से कृष्ण कन्वेंशन सेंटर बनाने की भी योजना है जिसमें भगवान कृष्ण की जीवनी होगी। देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को भगवान कृष्ण से जुड़ी सारी जानकारी इस कन्वेंशन सेंटर में आसानी से मिल जाएगी।

Back to top button