मध्य प्रदेश

भोपाल एयरपोर्ट के पास विकसित हो रहा प्रदेश का सबसे बड़ा मानव निर्मित वन, दो साल में सीएम ने रोपे 2,140 पौधे

सीएम बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण-संरक्षण के अभियान में मध्यप्रदेश अग्रणी रहेगा, मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिगण ने भी किया पौध-रोपण

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने आज राजा भोज विमानतल परिसर में प्रकृति की सेवा संकल्प के 2 वर्ष पूर्ण होने पर विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम में पौधे लगाए। सीएम के नियमित पौध-रोपण के संकल्प और उसके क्रियान्वयन के 2 वर्ष पूर्ण होने पर यह कार्यक्रम किया गया। रोजाना पेड़ लगाने के सीएम शिवराज के संकल्प के दो साल पूरे होने पर उन्होंने मंत्रियों के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान 730 पौधे लगाए गए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 19 फरवरी 2019 को अमरकंटक से डेली प्लांटेशन मिशन शुरू किया था। इन दो सालों में सीएम ने 2,140 पौधे रोपे हैं।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि दिमाग में आया कि हम भाषण देते रहें कि पेड़ लगाओ-पेड़ लगाओ। फिर लगा कि हमें आचरण से सिखाना चाहिए। मुझे आपको पेड़ लगाने की बात कहने का अधिकार तभी है, जब मैं खुद पेड़ लगाऊं। इसी के बाद इस अभियान की शुरुआत हो गई। 30 मई 2022 को एयरपोर्ट के पास रामवन की शुरुआत हुई थी। इससे यहां जैव विविधता से परिपूर्ण घना जंगल तैयार हो रहा है। रामवन में 120 प्रजातियों के 1 लाख 40 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। रामवन के 16 एकड़ के परिसर में सात तालाब हैं। यह मध्यप्रदेश का पहला मानव निर्मित वन है।

नहाने-खाने-सोने के लिए समय निकालते हैं, तो पेड़ के लिए क्यों नहीं

सीएम ने कहा कि कई बार हम समय और व्यस्तता की बात कहते हैं। नहाने, खाने, सोने के लिए तो समय निकालते ही हैं, लेकिन सोचिए कि हमें ऑक्सीजन न मिले, तो हम जिंदा रह सकते हैं क्या? जैसे- भोजन करके हम शरीर की आवश्यकता की पूर्ति करते हैं। वैसे ही पेड़ लगाकर ऑक्सीजन की पूर्ति कर सकते हैं। दो साल में एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ, जिस दिन मैंने पौधा न लगाया हो। जब कोविड आया, तब भी सीएम हाउस में पौधरोपण किया। कर्मचारी गड्‌ढा करके उसके पास पौधा रखकर चले जाते। संक्रमित होने के बावजूद मैंने पौधा लगाया।

सीएम ने कहा कि 3 मई को सांची देश की पहली सोलर सिटी बनेगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जहां आने वाली पीढ़ियों के लिए सांसों का प्रबंध वृक्षा-रोपण से किया जा रहा है। वहीं धरती को बचाने के लिए सोलर एनर्जी के प्रयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। ओंकारेश्वर में पानी पर पैनल बिछाकर सौर ऊर्जा उत्पादन की पहल हुई है, वहीं रायसेन जिले के विश्व धरोहर स्थल सांची को देश की प्रथम सोलर सिटी बनाने का कार्य किया जा रहा है। आगामी 3 मई को विधिवत कार्यक्रम के माध्यम से पूरे विश्व तक सोलर सिटी का संदेश जाएगा।

सीएम ने कहा- मैंने 12 राज्यों में किया है पौधा रोपण

सीएम ने कहा कि मैंने 12 राज्यों में पेड़ लगाए। राष्ट्रपति से लेकर धर्मगुरुओं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जहां पेड़ लगाए, वहां ग्लोबल गार्डन बन गया। कूनो में जब चीता छोड़ने आए, तो प्रधानमंत्री ने पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प नेट जीरो का टारगेट 2070 तक हासिल करना है। उनके संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका का निर्वाह करेगा। पौधों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पीएम क्लाईमेट चेंज के खतरों को कम करने के लिए पर्यावरण-संरक्षण का अभियान संचालित कर रहे हैं। उनका मानना है कि हमें धरती को किसी भी तरह बचाना है। इसके लिए पौध-रोपण का अभियान निरंतर चलना चाहिए। भोजन की तरह ऑक्सीजन भी मनुष्य की आवश्यकता है। एक पेड़ पर न जाने कितनी जिन्दगियां पलती हैं। पेड़ छांव देने के साथ ही पक्षियों का बसेरा और असंख्य कीट-पतंगों का आश्रय स्थल और जीवन का आधार हैं।

दो वर्ष में रोज पौधे लगाने के सचित्र विवरण की पुस्तिका का विमोचन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सांसों का प्रबंध हमें ही करना है। यह धरती आने वाली पीढ़ियों के लिए तैयार हो, इसलिए हम सभी का कर्त्तव्य है पौधे लगाएं। हम पेड़ लगाते हैं तो इनसे हमें ही ऑक्सीजन मिलती है। मध्यप्रदेश को हरा-भरा रखने का संदेश दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौधे लगाने के अभियान में मीडिया का काफी सहयोग रहा है और इसके लिए मीडिया के बंधुओं का हम सभी आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 2 वर्ष में प्रतिदिन किए गए पौध-रोपण की विस्तृत जानकारी दर्शाने वाली सचित्र पुस्तिका का विमोचन किया। इसकी ई-कॉपी mpinfo.org पर देखी जा सकती है।

सबसे बड़ा मानव निर्मित वन बनेगा, 1 लाख 40 हजार पौधे लगाए जाएंगे

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि भोपाल एयरपोर्ट के पास इस विशाल मानव निर्मित वन की देखभाल का दायित्व श्रीराम आस्था मिशन ने लिया है। यह प्रदेश का सबसे बड़ा मानव निर्मित वन होगा। यहाँ कुल एक लाख 40 हजार पेड़ लगाए जाएंगे। श्रीराम वन में 120 प्रजाति के पौधे रोपने की योजना है। पेड़-पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी मिशन की रहेगी।

पौध-रोपण से संबंध भी हो रहे प्रगाढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि पौध-रोपण अभियान से अनेक अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। पर्यावरण की रक्षा के साथ ही परिवारों द्वारा जन्म-दिवस, विवाह वर्षगांठ और अनेक अवसर पर पौधे लगाने के कार्य से दिन की शुरुआत की जाती है। पति-पत्नी जब मिलकर विवाह वर्षगांठ पर पौधा लगाते हैं तो उनका प्रेम संबंध प्रगाढ़ होता है। इसी तरह बच्चों के जन्म-दिन पर पौधे लगाना सभी को प्रसन्नता देता है। बच्चों को भी छोटी उम्र से अच्छे कार्य के संस्कार प्राप्त होते हैं। वे इस भाव को समझते हैं कि पेड़ लगाना मतलब धरती माता का श्रृंगार करना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि माता-पिता और परिवार के अन्य दिवंगत सदस्यों की स्मृति में पौधा लगाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

2 वर्ष से प्रतिदिन पौधे लगाने के कार्य पर सीएम को दी बधाई

इस अवसर पर मौजूद सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान को निरंतर 2 वर्ष से प्रतिदिन पौधा लगाने के कार्य के लिए बधाई दी। अन्य मंत्री गण ने भी मुख्यमंत्री श्री चौहान को बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी जन-प्रतिनिधियों और नागरिकों का पौध-रोपण अभियान में सहयोग के लिए आभार माना। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पौध-रोपण पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम को अनेक स्वैच्छिक संगठनों के सदस्यों ने तस्वीरें और पुस्तकें भेंट की। सीएम ने एक पुराने वट वृक्ष का अवलोकन किया, जो किसी अन्य स्थान से उखाड़ने के बाद यहां वैज्ञानिक तकनीक से स्थापित किया गया है। भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने आभार माना।

Back to top button