मध्य प्रदेश

एक और कांग्रेस विधायक का बयान सुर्खियों में: संजय यादव बोले- बहुत हो गया, अब बातचीत सिर्फ ‘दे दना दन’ से ही होगी

कांग्रेस विधायक संजय यादव ने प्रेस वार्ता में दिया यह बयान, अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे उनके साथ

जबलपुर। बरगी विधानसभा क्षेत्र की गरीब जनता और आदिवासियों के रुके विकास कार्य करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक गए। विधायक संजय यादव ने 15 दिसंबर को जबलपुर कलेक्टोरेट में बड़ा जंगी प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने यह घोषणा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। आक्रोशित कांग्रेस विधायक श्री यादव ने कहा कि बहुत हो गया आवेदन-निवेदन, अब दे-दनादन से बात होगी। प्रेस वार्ता में उनके साथ पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत, कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना और महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अनु’ समेत कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में भेदभाव कर रही है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर लगाए यह आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मंत्रालय में स्वीकृत योजनाओं के काम कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में जानबूझकर रोक दिए जाते हैं। बरगी विधानसभा का जिक्र करते हुए विधायकों ने बताया कि बरगी में 30 नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण जबरन लंबित रखा जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों का जीर्णोद्धार कराया गया है, लेकिन संचालन बंद है। क्षेत्र की सूक्ष्म सिंचाई परियोजना भी लंबित रखी गई है। स्टेडियम की मांग भी लंबित कर दी गई है। बरगी तहसील की स्वीकृति के लिए कैबिनेट की मंजूरी बची है, लेकिन उसे भी सालों से रोका जा रहा है। क्षेत्र की गरीब जनता और आदिवासियों के रुके हुए विकास कार्य करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक गए हैं, लेकिन सभी काम पेंडिंग पटक दिए गए हैं।

कांग्रेस नेताओं के बयान सुर्खियों में

इन दिनों कांग्रेस नेताओं के बयान खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब विधायक संजय यादव ने सरकार पर तमाम आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के सामने अब विनती करने का वक्त खत्म हो गया है। अब बातचीत सिर्फ दे दना दन से की जाएगी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेताओं की तीखी बयानबाजी इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। कुछ दिन पहले ही पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर गलत बयानबाजी कर दी थी। इसको लेकर आज मंगलवार को उनकी गिरफ्तारी हो गई है। इसके बाद अब संजय यादव दे दना दन जैसी बातें कह रहे हैं।

Back to top button