देश

अध्यक्षी चुनाव के बीच कर्नाटक पहुंचीं सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ सड़कों पर उतरने की तैयारी …

मैसूर। सोनिया सोमवार को कर्नाटक के मैसूरु पहुंच गईं हैं। वह आगामी छह अक्टूबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होकर अपने बेटे राहुल गांधी के साथ सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव से पहले पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को कर्नाटक पहुंचीं। सोनिया के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भी मैसूर पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि प्रियंका अब शुक्रवार को यात्रा में शामिल होंगी जब यह यात्रा नागमंगला मांड्या जिले से होकर गुजरेगी।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को यात्रा में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि दशहरे के कारण चार और पांच अक्टूबर को यात्रा को विश्राम दिया जाएगा और फिर छह अक्टूबर की सुबह यात्रा प्रारंभ होगी। कांग्रेस की यात्रा मंगलवार और बुधवार को दो दिन का ब्रेक लेगी। इस दौरान सोनिया और राहुल के कोडागु जिले के एक रिसॉर्ट में रुकने की उम्मीद है। ऐसी भी अटकलें हैं कि राहुल प्रसिद्ध दशहरा जंबू सावरी को देखने के लिए बुधवार को मैसूरु में होंगे।

लंबे समय बाद सोनिया गांधी पार्टी के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगी। स्वास्थ्य कारणों के चलते वह पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं कर सकी हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा। इस यात्रा में कुल 3570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

Back to top button