मध्य प्रदेश

गुना में हैरान करने वाला मामला: एक ही महिला पर दो युवकों ने किया अपनी पत्नी होने का दावा

एक बोला- तीन वर्ष पहले शादी की, दूसरे ने कहा- 8 फरवरी को कोर्ट मैरिज की, महिला ने दोनों की बात का कोई जवाब नहीं दिया, दोपहर से देर शाम तक नहीं हो सका कोई फैसला

गुना। मध्यप्रदेश के गुना में शादी को लेकर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक 15 दिन पहले अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर काम पर चला गया। रविवार को उसे उसकी पत्नी दो युवकों के साथ ऑटो में बैठी अस्पताल तरफ जाती दिखी। वह उसके पीछे गया। अस्पताल में उसने पत्नी से पूछा कि यहां कैसे आयी, तो वह उसके साथ बाइक पर बैठकर जाने लगी। इसी दौरान उसके साथ आए दो युवकों ने गाड़ी को रोक लिया। युवक उसे अपनी पत्नी बताने लगा। दोनों महिला पर अपनी-अपनी पत्नी होने का दावा करने लगे। देर शाम तक दोनों के बीच समझौता नहीं हो पाया। दोनों युवक पुलिस की सहायता भी नहीं लेना चाहते थे।
दरअसल, राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के रहने वाले विष्णु प्रसाद (25) पुत्र बद्रीलाल मेघवाल की शादी नहीं रही थी। इसी दौरान अशोकनगर जिले में रहने वाले रजनीकांत कुशवाह से उनका संपर्क हुआ। उन्होंने बैतूल जिले की एक 28 वर्षीय लड़की से शादी कराने की बात हुई। शादी कराने के लिए लड़के से 1.30 लाख रुपए नकद देने की बात हुई। विष्णु ने 1.30 लाख रुपए दे दिए। 8 फरवरी को अशोकनगर में दोनों की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद विष्णु अपनी पत्नी को लेकर अपने गांव पहुंचा। यहां 9 फरवरी को उनकी कुलमाता के मंदिर पर फिर से शादी की। हालांकि इस दौरान न तो विष्णु अपनी ससुराल गया और न ही सास-ससुर से बातचीत की।
शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे। विष्णु ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान रजनीकांत का विष्णु के पास फ़ोन आया कि लड़की की मां की तबीयत खराब है। वह गुना जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 26 में भर्ती हैं, इसलिए वह महिला को अपनी मां को दिखाने ले जाए। विष्णु ने अपनी पत्नी से कहा कि वह कम से कम फ़ोन पर अपनी मां से बात कर तबीयत पूछ ले, तो लड़की ने कहा कि उसके पास किसी का नंबर नहीं है।
रविवार को फिर सुबह रजनीकांत का विष्णु के पास कॉल आया कि पत्नी को गुना ले जाये। इस बात पर विष्णु अपने भाई और पत्नी के साथ गुना के लिए निकला। दोपहर को वह बस से गुना पहुंचे। वह अपने साथ बीमार मां के लिए खाना, कंबल वगैरह भी लेकर आये। उन्होंने बताया कि अगर रात-बेरात रुकना पड़े, इसलिए कपड़े और कंबल भी लेकर आये। वह गुना बस स्टैंड पर उतरकर ऑटो से जिला अस्पताल के लिए निकले।
जिला अस्पताल में हैरान करने वाला वाकया हो गया। वे दोनों परिसर में अंदर थे। इसी दौरान विष्णु ने देखा कि उनकी पत्नी को कोई बाइक पर बैठाकर ले जा रहा है। दोनों भाई दौड़कर बाहर आये और बाइक को पकड़ लिया। इस दौरान उसका छोटा भाई जमीन पर भी गिर पड़ा, लेकिन उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। यहां उनको अचंभा तब हुआ, जब बाइक से आया युवक उसे अपनी पत्नी बताने लगा। वह बोलने लगा कि उसकी शादी इस लड़की से तीन वर्ष पहले हो चुकी है, इसलिए वह उसे ले जा रहा था। जिले के इमझरा चक्क के रहने वाले राजेश सहरिया ने बताया कि इस लड़की से उसकी शादी 3 वर्ष पहले हुई थी। वह चौक कर उसे लेकर आया था। 15 दिन पहले ही वह अपनी पत्नी को उसके मायके बजरंगगढ़ छोड़कर गया था। इसके बाद वह काम की तलाश में निकल गये। उसने कुछ दिन रुठियाई में ईंट-भट्ठों पर काम किया। वह मोबाइल भी पत्नी को देकर आया था। उसने कई बार कॉल किया, लेकिन उसका कॉल नहीं लग रहा था।

महिला पर दोनों युवक ठोक रहे अपनी पत्नी होने का दावा, पर पुलिस के पास नहीं जा रहे

राजेश ने बताया कि रविवार को वह केदारनाथ धाम पर दर्शन कर गुना आया था। यहां उसने बस स्टैंड के पास देखा कि उसकी पत्नी एक ऑटो में बैठकर जा रही है। ऑटो में दो युवक भी बैठे हैं। उसने बाइक से ऑटो का पीछा किया और ऑटो के पीछे-पीछे जिला अस्पताल पहुंच गया। यहां उसने मौका देखकर पत्नी से पूछा कि वह यहां क्या कर रही है। इतने में ही पत्नी उसकी बाइक पर आकर बैठ गयी और दोनों चल दिये। इसी दौरान दो युवकों ने बाइक को आकर पकड़ लिया। दोनों के बीच महिला को लेकर विवाद होता रहा। हालांकि, इस विवाद का कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। महिला असल में किसकी पत्नी है, कहीं यह लुटेरी दुल्हन गेंग से जुड़ा मामला तो नहीं। इसमें ताज्जुब की बात यह भी है कि दोनों युवक महिला पर अपनी पत्नी होने का दावा ठोक रहे थे, लेकिन कोई भी पुलिस के पास जाने या बुलाने को तैयार नहीं थे।

Back to top button