मध्य प्रदेश

शिवराज के कैबिनेट मंत्री ने उमा भारती के शराबबंदी अभियान को दिया खुला समर्थन

ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लोगों को दिलाया शराबबंदी अभियान के लिए संकल्प

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में शराबबंदी के खिलाफ अभियान चला रही पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को अब उनकी पार्टी के लोगों का भी समर्थन मिलने लगा है। शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में खुले मंच से वहां मौजूद लोगों को शराबबंदी के लिए अभियान चलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा आप लोग शराबबंदी के लिए अभियान चलाएं मैं आपके साथ खड़ा हूं, ताकि यह बुराई समाज से खत्म की जा सके।

अपने अलग अंदाज के लिए मशहूर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अब शराबबंदी के लिए मुहिम छेड़ दी है। ग्वालियर में रानी झलकारी बाई की जयंती के मौके पर उन्होंने शराबबंदी के लिए अभियान चलाने के लिए अपील की। तोमर ने कहा समाज की इस बुराई को दूर करने के लिए, अपने परिवार को सुखी रखने के लिए, अपराधों को रोकने के लिए आप लोगों को शराबबंदी के लिए संकल्प लेना चाहिए। इस कार्यक्रम में ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आप शराबबंदी के लिए अभियान चलाएं। मैं इस अभियान में आपके साथ खड़ा हूं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को शराब बंदी अभियान चलाने के लिए हाथ उठाकर संकल्प दिलवा दिया। इस मौके पर मौजूद हजारों लोगों ने शराबबंदी के लिए अभियान चलाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एमपी में शराबबंदी के लिए अभियान छेड़ रखा है। वे बार-बार लगातार हर मंच से शराबबंदी के लिए मांग उठा रही हैं। उमा खुले तौर पर सीएम शिवराज से भी मांग कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें अभी सरकार का समर्थन नहीं मिला है। इस बीच उन्हीं के कैबिनेट मंत्री ने जनता को शराबबंदी के लिए अभियान चलाने का संकल्प दिला दिया।

Back to top button