कोरबाछत्तीसगढ़

शिवराज सिंह चौहान की वर्चुअल रैली में शामिल होंगे राज्य के तीन लाख भाजपाई

कोरबा (गेंदलाल शुक्ल) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की राज्य स्तरीय वर्चुअल रैली में छत्तीसगढ़ के  तीन लाख और कोरबा जिले के तीस हजार भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के ऐतिहासिक फै सलों के साथ देश में 1975 में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाई गयी इमरजेंसी की आमजनों क ो याद दिलाई जायेगी। जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक चावलानी ने पत्रकार वार्ता में इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सहित जिले में वर्चुअल रैली की तैयारी कर ली गयी है। शिवराज सिंह चौहान 28 जून को दोपहर 12.30 बजे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 30 मई को केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों से जन-जन को अवगत कराने के लिए वर्चुअल रैली की श्रृंखला शुरू की गयी थी। प्रदेश संगठन ने 14 जून से जन संवाद कार्यक्रम प्रारंभ किया, जिसके जरिये प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा परिवार से संवाद स्थापित किया। इसी कड़ी में अब बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है। कोरबा जिले में बूथ स्तर तक रैली से जुड़ाव की तैयारी की गयी है।

पत्रकार वार्ता में उपस्थित पूर्व महापौर और भाजपा नेता जोगेश लाम्बा ने देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी द्वारा 25 जून 1975 को लागू किये गये आपातकाल का कारणों सहित सिलसिलेवार विवरण दिया। उन्होंने कहा कि आपातकाल में हुई ज्यादतियों के कारण भाजपा हर साल 25 जून को काला दिवस मनाती है। इस वर्ष यह काला दिवस इसलिए खास है कि लोकतंत्र पर बार-बार आघात करने वाली कांग्रेस पार्टी इन दिनों लोकतंत्र को खतरे में बता रही है, जबकि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। यह एक दुष्प्रचार मात्र हैं। ऐसे में देश के जन-जन को आपातकाल के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा किये गये दमन और उत्पीड़न से अवगत कराना, उनको काले दिनों की याद दिलाना जरूरी हो गया है। पत्रकार वार्ता में पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष विकास महतो, गोपाल मोदी, देवेन्द्र पाण्डेय, हितानंद अग्रवाल, सतविंदर सिंह बग्गा, मनोज ठाकुर, राजेन्द्र अग्रवाल सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button